'चुनाव में मेरे साथ गद्दारी हुई', हरियाणा के मंत्री अनिल विज क्यों दिया ऐसा बयान?
हरियाणा के ऊर्जा परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में बीजेपी कार्यकर्ताओं के धन्यवाद कार्यक्रम में कहा कि इस चुनाव में कुछ लोगों ने गद्दारी की। विज ने कहा कि वह किसी को मनाने नहीं जाएंगे और कोई भी कार्यकर्ता किसी को मनाने नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके साथ अगर दस सच्चे कार्यकर्ता रह जाएंगे तो वह चुनाव जीत जाएंगे।

जागरण संवाददाता, अंबाला। यह चुनाव कई मायनों में अलग चुनाव है और सभी ने देखा होगा कि इस विधानसभा चुनाव में हमारे साथ कुछ लोगों ने गद्दारी करके हमें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। ऐसे लोग 10 साल मंत्री बनकर रहे और मौका आने पर कूदकर दूसरी तरफ चले गए। वह किसी को मनाने नहीं जाएंगे और कोई भी कार्यकर्ता किसी को मनाने नहीं जाएगा। उक्त बातें ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने बीपीएस प्लेनेटेरियम में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
विज ने थिरक कर मनाया जश्न
भाजपा कार्यकर्ता धन्यवाद कार्यक्रम में बूथ, वार्ड व जोन प्रधानों को सम्मानित किया और विज भी कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न थिरक कर मनाया। विज ने कहा कि मैंने अपनी पहली मीटिंग में कह दिया था कि जिसे जाना है जाओ, बाहर मंडी लगी है, दाम भी अच्छे मिलेंगे, पर वह किसी को मनाने नहीं जाएंगे और कोई भी कार्यकर्ता किसी को मनाने नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा उनके साथ अगर दस सच्चे कार्यकर्ता रह जाएंगे तो वह चुनाव जीत जाएंगे। जिस प्रकार भट्टी में धातु पिघलाने से केवल असली सोना रह जाता है, उसी प्रकार अब उनके साथ जो कार्यकर्ता हैं वह खरा सोना है जो विधानसभा चुनाव में उनके साथ डटे रहे। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे अनिल विज का जोरदार स्वागत कार्यकर्ताओं ने किया।
मेरे स्टार प्रचारक मेरे कार्यकर्ता ही हैं- विज
विज ने कहा कि इस बार आसपास की 13 विधानसभाओं में केवल अंबाला छावनी में हम जीते हैं। इस बार चुनाव हमने अलग तरीके से लड़ा है और प्रयोग किया। उन्होंने कहा अपनी सभाओं में उन्होंने केवल अपने विकास के कार्य गिनवाए क्योंकि वह विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे थे।
उन्होंने कहा सभी हलकों में स्टार प्रचार गए, उनपर भी दबाव बनाया गया कि यहां रैली रखो, मगर उन्होंने कहा वह अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। उनसे पूछा गया कि वह स्टार प्रचारक क्यों नहीं बुलाते तो उन्होंने कहा कि उनकी स्टार प्रचारक तो उनके कार्यकर्ता ही हैं।
विज ने कहा- कसाईयों के कहने से भैंसे नहीं मरा करती
अनिल विज ने कहा कि जब एग्जिट पोल आ रहे थे तब मीडिया भाजपा की हार बता रही थी मगर वह अकेले थे जो इन एग्जिट पोल पर गलत बता रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा की लहर चल रही है और चुनाव परिणामों में भाजपा ही जीतेगी और भाजपा सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी। एग्जिट पोल की सभी एजेंसियों के दावे चुनाव परिणाम के दिन गलत साबित हुए।
उन्होंने कहा उन्हें पूरा विश्वास था कि चुनाव में वह जीतेंगे, पार्टी जीतेगी और वह मंत्री भी बनेंगे। कई लोगों ने भ्रम फैलाया कि अनिल विज को टिकट नहीं मिलेगी, फिर कहा वह जीतेगा नहीं, फिर कहने लगे की सरकार नहीं आएगी जो कि सब झूठ साबित हुआ और यहीं लोग विपक्षियों की गोद में जाकर बैठ गए। उन्होंने ऐसे लोगों पर तंज कसते हुए कहा कि “कसाईयों के कहने से भैंसे नहीं मरा करती”।
बूथ, जोन व वार्ड प्रधान सम्मानित
छावनी विधानसभा चुनाव से ज्यादा अंतर से जीतने वाले बूथ, वार्ड व जोन प्रधानों को विज ने सम्मानित किया। उन्होंने वार्ड प्रधानों में पहले तीन स्थान पर रहे शील नैन, सुरेंद्र सेठी और विपिन खन्ना के अलावा अन्य को सम्मानित किया।
जोन प्रधानों में जसबीर सिंह जस्सी, नरेश शर्मा, श्याम सुंदर अरोड़ा, सुरेंद्र बिंद्रा, कीर्ति शर्मा को सम्मानित किया। इसके अलावा बूथ श्रेणी में बंधु नगर से शुभम, शास्त्री कालोनी से दीपक कौशिक, प्रीत नगर प्रधान व अन्य को सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें- Air Quality: हरियाणा में भी सांसों पर गहराया संकट, हिसार सबसे प्रदूषित; 4 जिलों में रेड जोन
'प्रशासन ने मुझे हराने की पूरी कोशिश की'
उन्होंने कहा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काफी खेल हुए। प्रशासन ने उन्हें हराने की पूरी कोशिश की जो कि जांच का विषय है। नगर परिषद ने हमारी मंजूर सड़कों को बनाना बंद कर दिया। इसके अलावा अन्य कार्य भी रोक लिए।
उन्होंने कहा कि डीजीपी, डीसी, एसपी, चुनाव आयोग व आरओ को कार्यक्रम में जाने से पहले बता दिया था कि उनका वहां कार्यक्रम हैं। मगर वहां भी झड़प हुई और यदि इस कार्यक्रम में किसी को कुछ हो जाता इसका जिम्मेदार कौन होता। पुलिस प्रशासन इसी कोशिश में था कि अनिल विज को हराया जाए और इनके कहने पर कुछ कार्यकर्ताओं ने बगावत की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।