विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FIR दर्ज न करने पर अनिल विज ने दो चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के दिए निर्देश, पुलिस अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

Published: Thu, 17 Sep 2026 10:37 PM (IST)

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला में चोरी के मामलों में एफआईआर दर्ज न करने और देरी करने पर पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

अंबााल में अनिल विज ने सुनी लोगों की समस्या। फोटो जागरण

अंबााल में अनिल विज ने सुनी लोगों की समस्या। फोटो जागरण


HighLights

  1. अनिल विज ने पुलिस अधिकारियों को एफआईआर में देरी पर फटकारा।

  2. अंबाला के दो पुलिस चौकी इंचार्जों को निलंबित करने के निर्देश दिए।

  3. ट्यूबवेल कनेक्शन मामले में बिजली विभाग एसडीओ की जांच के आदेश।

जागरण संवाददाता, अंबाला। प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने एक मामले में एफआइआर दर्ज नहीं करने और एक अन्य मामले में एफआइआर दर्ज करने में देरी करने पर अंबाला छावनी के हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी और तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्जों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

विज वीरवार को अंबाला कैंट के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। विज ने शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया। अधिकारियों से जहां जवाब तलबी की, वहीं तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

अनिल विज ने सुनी लोगों की समस्या

एक शिकायत आई कि एक साल से उनका ट्यूबवेल का कनेक्शन नहीं मिल रहा है, जिस पर विज ने बिजली विभाग चौड़मस्तपुर के एसडीओ के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। कई शिकायतें लोगों ने विज के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि जो शिकायतकर्ता एक बार यहां आया और उसकी शिकायत विभाग के पास गई तो उस समस्या का समाधान होना चाहिए। यदि कोई दिक्कत है तो शिकायतकर्ता को पत्र लिखकर शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाए ताकि लोगों को धक्के न खाने पड़े। यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा कि घटना होने पर थाने में एफआइआर दर्ज नहीं की जा रही हो।