हरियाणा में बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, गर्म कपड़े पहनकर निकले लोग; सड़कों पर पानी ने रोकी रफ्तार
अंबाला में भारी बारिश से मौसम का मिजाज बदला, न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा और लोगों को गर्म ...और पढ़ें
-1792142511433_m.webp)
हरियाणा में झमाझम हुई बारिश (फाइल फोटो)
HighLights
अंबाला में भारी बारिश से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज।
शहर के कई इलाकों में जलभराव से आवाजाही प्रभावित हुई।
ठंड बढ़ने पर लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू किया।
जागरण संवाददाता, अंबाला। सुबह करीब सवा पांच बजे शुरू हुई झमाझम बरसात ने मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि लोगों को गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकलना पड़ा। वीरवार सुबह बारिश करीब साढ़े नौ बजे तक जारी रही। इसके बाद आसमान से राहत तो मिली, लेकिन सड़कों पर जमा पानी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
अंबाला शहर में कई स्थानों पर जलभराव के कारण वाहन चालकों को दोपहर तक परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम में ठंडक और सड़कों पर पानी ने एक ही सुबह में मौसम बदलने और शहर की जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति दोनों सामने ला दीं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अंबाला में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के आंकड़ों में 40.4 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। तापमान में आई गिरावट के कारण सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंड महसूस हुई। कई लोग गर्म कपड़े पहनकर निकले।
बारिश थमी, लेकिन सड़कों पर बनी रही परेशानी
शहर में बरसात के बाद जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। ओल्ड दिल्ली रोड पर माडल टाउन और जंडली पुल के पास सड़क पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को दोपहर तक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी के बीच से निकलते दोपहिया वाहन चालकों को खास तौर पर सावधानी बरतनी पड़ी।
कपड़ा मार्केट, नदी मोहल्ला, रेलवे रोड और कुम्हार मोहल्ला सहित कई स्थानों पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही। सुबह काम पर निकलने वाले लोगों और बाजार पहुंचने वालों को रास्तों पर जमा पानी के कारण परेशानी हुई। बरसात रुकने के बाद भी इन स्थानों पर पानी जमा रहने से साफ हुआ कि बारिश के बाद जलनिकासी में समय लग रहा है।
आगे मौसम साफ होने के आसार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 16 अक्टूबर को आंशिक बादल छाने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके बाद 17 अक्टूबर को आंशिक बादल रह सकते हैं, जबकि 18 से 21 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
