Ambala News: सब इंस्पेक्टर को विजिलेंस ने 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा, एक दलाल भी गिरफ्तार
अंबाला विजिलेंस की टीम ने बलदेव नगर चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एक दलाल को भी इस मामले में विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों को शाम के समय कोर्ट में पेश किया जाएगा। (जागरण फोटो)
जागरण संवाददाता, अंबाला। 10 हजार की रिश्वत लेते हुए बलदेव नगर चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर समर्पित को अंबाला विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सब इंस्पेक्टर समर्पित के अलावा एक दलाल को भी इस मामले में विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों को शाम के समय कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चौकी प्रभारी पर झूठा फसाने के आरोप
जानकारी के अनुसार बलदेव नगर थाने में शराब के एक मामले में अंबाला शहर के बलदेव का नाम 120बी में शामिल किया गया था। बलदेव के आरोप है कि उसे इस केस में चौकी प्रभारी ने झूठा फसाया था। अब केस से निकालने के लिए 20 हजार की मांग कर रहा था।
10 हजार में तय हुआ सौदा
इसके लिए एक दलाल के माध्यम से बातचीत हुई और सौदा 10 हजार में तय हो गया। इसके बाद बलदेव ने इस मामले की सूचना अंबाला विजिलेंस टीम को दी। सोमवार को विजिलेंस के कहे के अनुसार बलदेव ने चौकी इंचार्ज समर्पित को 10000 रुपये पकड़ा दिए।
आरोपितों से पूछताछ में जुटी विजिलेंस टीम
जैसे ही समर्पित को 10 हजार पकड़ाए विजिलेंस की टीम ने उसे मौके पर धर दबोचा। इसके बाद स्टेट विजिलेंस अंबाला टीम आरोपित को अपने साथ विजिलेंस कार्यालय सेक्टर 10 में ले गई। समाचार लिखे जाने तक पकड़े गए दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश नहीं किया गया था विजिलेंस की टीम आरोपितों से पूछताछ में जुटी थी।