अंबाला में किराने का सामान रास्ते में ही उड़ा लेता था ड्राइवर, रिलायंस कंपनी को लगाया 1.87 लाख का चूना
अंबाला में रिलायंस स्टोर को किराना सप्लाई करने वाली ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक पर कंटेनर से 1.87 लाख रुपये का सामान चोरी करने का आरोप लगा है।

ट्रांसपोर्ट कंपनी के ड्राइवर पर कंटेनर से 1.87 लाख रुपये का सामान चोरी करने का आरोप लगा है।
जागरण संवाददाता, अंबाला। रिलायंस स्टोरों पर किराना सप्लाई करने वाली एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के चालक पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का गंभीर मामला सामने आया है।
आरोपित कंटेनर चालक रास्ते में चालाकी से सील खोलकर उसमें से महंगा किराना का सामान चोरी कर लेता था। जगमीत सिंह निवासी भोकर माजरा, कुरुक्षेत्र की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने हर्षजीत सिंह निवासी गांव बलाना के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरु की है।
जालंधर की गोल्डन टेम्पल लाजिस्टिक्स ट्रांसपोर्ट के सुपरवाइजर जगमीत सिंह ने बताया कि 20 मई 2026 से 13 जून 2026 के दौरान जब अलग-अलग तिथियों में हिमाचल के स्टोरों पर माल पहुंचाया गया, तो वहां सामान कम मिलने की शिकायतें आईं।
जब ट्रांसपोर्ट कंपनी ने अपने स्तर पर रिकॉर्ड की जांच और गहन पड़ताल की, तो आरोपित चालक की शातिराना रणनीति का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि 1.87 लाख रुपये का चूना आरोपित ने कंपनी को लगाया है।
