विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला में ऑस्ट्रेलिया वर्क परमिट के नाम पर 45 लाख से अधिक की धोखाधड़ी, चार पर केस दर्ज

Published: Thu, 16 Jul 2026 01:50 PM (IST)

अंबाला में ऑस्ट्रेलिया वर्क परमिट दिलाने के नाम पर एक महिला से 45.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ऑस्ट्रेलिया वर्क परमिट के नाम पर 45.60 लाख की ठगी

  2. फर्जी वीजा, टिकट और मेडिकल रिपोर्ट का इस्तेमाल किया गया

  3. अंबाला में चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया

जागरण संवाददाता, अंबाला। आस्ट्रेलिया वर्क परमिट पर भेजने का झांसा देकर 45.60 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में फर्जी वीजा, टिकट और मेडिकल रिपोर्ट भेजकर रकम ऐंठने के आरोप लगाए गए हैं।

सौंडा कॉलोनी निवासी काजल राणा ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2024 में विदेश से लौटने के बाद गांव जंडली में फ्लाई टू सक्सेस नाम से इमिग्रेशन और स्टडी वीजा संबंधी कार्यालय संचालित करने लगी थीं। उनके अनुसार, पति के मित्र हेमंत राजपूत उर्फ मोगली ने अपने साले हरभजन सिंह से मुलाकात कराई।

हरभजन ने दावा किया कि वह अपने साथियों चिराग और शिवानी के साथ मिलकर वर्क परमिट पर विदेश भेजने का काम करता है और ऑस्ट्रेलिया के लिए वीजा लगवा सकता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने प्रत्येक सफल वीजा पर एक लाख रुपये कमीशन देने और वीजा न लगने पर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया। इस विश्वास पर उन्होंने फरवरी से दिसंबर 2025 के बीच आठ युवाओं की फाइलें आरोपितों को सौंपीं और विभिन्न किश्तों में नकद और बैंक के माध्यम से कुल 45.60 लाख रुपये दे दिए।

काजल राणा ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने वाट्सएप के जरिए आस्ट्रेलिया के कथित वीजा, एयर टिकट, ई-मेल और मेडिकल रिपोर्ट भेजीं। जब इन दस्तावेजों की आनलाइन जांच कराई गई तो वे कथित तौर पर फर्जी निकले।

इसके बाद आरोपितों ने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 20 दिसंबर 2025 को हरभजन सिंह को पैसे वापस लेने के बहाने बुलाया गया था। उस दौरान हेमंत राजपूत और उसकी पत्नी ने रकम लौटाने की जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में सभी ने संपर्क बंद कर दिया।