अंबाला में अग्निवीर भर्ती का दूसरा चरण, 19 से 31 अक्टूबर तक पुरुष और 1-2 नवंबर को महिला भर्ती का होगा आयोजन
अंबाला कैंट के खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती का दूसरा चरण 19 से 31 अक्टूबर तक पुरुष अभ्यर्थियों के ...और पढ़ें

HighLights
अंबाला में अग्निवीर पुरुष भर्ती 19 से 31 अक्टूबर तक।
महिला सैन्य पुलिस भर्ती 1 और 2 नवंबर को होगी।
शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थी फिजिकल और मेडिकल से गुजरेंगे।
जागरण संवाददाता, अंबाला। कंप्यूटर की स्क्रीन पर हुई पहली परीक्षा के बाद अब युवाओं की असली परीक्षा मैदान में होगी। अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अंबाला कैंट का खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम अगले महीने भर्ती का मैदान बनने जा रहा है।
यहां 19 से 31 अक्टूबर तक अग्निवीर पुरुष अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण का आयोजन होगा। इस चरण में शार्टलिस्ट किए गए युवाओं को फिजिकल और मेडिकल प्रक्रिया से गुजरना होगा।
सेना के अनुसार, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और चंडीगढ़ के वे अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे, जिन्होंने पहले चरण की कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन कामन परीक्षा पास कर शार्ट लिस्टिंग में जगह बनाई है।
अब लिखित परीक्षा के बाद युवाओं की फिटनेस, सहनशक्ति और मेडिकल मानकों पर बारीकी से परख होगी। अग्निवीर महिला सैन्य पुलिस भर्ती का दूसरा चरण भी खड्गा स्पोर्ट्स स्टेडियम में ही होगा। एक और दो नवंबर की तारीख तय की गई है।
हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ और दिल्ली की वे महिला अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकेंगी, जो पहले चरण की कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन कामन परीक्षा में शार्टलिस्ट हुई हैं। वहीं, अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड का इंतजार है।
