भ्रष्टाचार के खिलाफ सांकेतिक धरना देगा अध्यापक संघ
जागरण संवाददाता अंबाला शहर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ (संबंद्ध सर्वकर्मचारी संघ हरियाण
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर:
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ (संबंद्ध सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर्ज फेडरेशन ऑफ इंडिया) की जिला इकाई ने शिक्षा सदन के कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल बजा दिया है।
जिला वित्त सचिव सतनाम सिंह, खंड नारायणगढ़ सचिव जसमत सिंह, खंड अंबाला-वन प्रधान बिट्टू शाहपुरी, अशोक बराक और हरजिद्र सिंह ने कार्यालय के भ्रष्टाचार के खिलाफ सांकेतिक धरना देकर आंदोलन का आगाज किया। सतनाम सिंह व जसमत सिंह ने बताया कि कार्यालय में कर्मचारी और अधिकारी बिना सेवा शुल्क लिए कोई काम नहीं कर रहे। सेवा शुल्क न देने वालों को रोटेशन के नाम पर कम कर्मचारियों के आने का बहाना बना कर काम को लटका कर सेवा शुल्क देने के लिए बाध्य किया जाता है। जिला सचिव अशोक कुमार सैनी ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते कार्यालय में माफिया अध्यापकों और कर्मचारियों को लूटने में लगा हुआ है। संघ द्वारा जून, जुलाई अगस्त और अक्टूबर में अधिकारी को अध्यापकों की मांगों के समाधान के लिए लिख कर दिया गया, लेकिन किसी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो पा रहा। जिला सचिव अशोक कुमार सैनी और जिला प्रधान बृजमोहन ने बताया कि अधिकारी जल्द से जल्द हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से बातचीत के रास्ते अध्यापकों के जीपीएफ के मामलों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों से सहित सभी मामलों का समाधान करें अन्यथा 5 नवंबर को संघ शिक्षा सदन अंबाला के कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। डीसी और विजिलेंस को सबूतों समेत ज्ञापन देकर भ्रष्टचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा।