चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की बस का अंबाला के पास हादसा, 15 यात्री घायल
यमुनानगर से चंडीगढ़ आ रही पंजाब रोडवेज की बस अंबाला के पास हादसे का शिकार हाे गई। बस एक निर्माणधीन पुलिया के नीचे खड्ड में गिर गई। इससे 15 से अधिक यात्री घायल हो गए।
अंबाला, जेएनएन। यहां पंजाब रोडवेज की एक बस का हादसा हो गया। बस अंबाला-जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुड्डाकलां सरकारी स्कूल के पास निर्माणाधीन पुलिया के नीचे गिर गई। इससे बस में सवार 15 से अधिक से यात्री घायल हो गए। बस यमुनानगर से चंडीगढ़ जा रही थी। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंजाब रोडवेज की एक बस आज सुबह यमुनानगर से चंडीगढ़ जा रही थी। बस करीब 50 यात्री सवार थे। बस अंबाला-जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खुड्डाकलां सरकारी स्कूल के पास पहुंची तो चालक निर्माणाधीन पुलिया के पास बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। इससे बस पुलिया के नीचे गड्ढ़े में चली गई।
हादसे का शिकार हुई बस।
इससे बस में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों की चीख सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और घायल यात्रियों को अंदर से निकाला। मौके पर थोड़ी देर में पुलिस की टीम भी पहुंच गई। हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।