सल्फास खाने से विवाहिता की मौत, सुसाइड नोट में ससुराल पर तंग करने का आरोप
दुर्गानगर की रहने वाली पूजा ने सोमवार दोपहर को हर्बल पार्क में जाकर सल्फास खाली थी।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : दुर्गानगर की रहने वाली पूजा ने सोमवार दोपहर को हर्बल पार्क में जाकर सल्फास खाली थी। तबीयत खराब होने के बाद उसे चंडीगढ़ 32 रेफर किया था। लेकिन देररात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पीजीआई से थाना बलदेव नगर पुलिस को इसके बारे में सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को इसके बारे में बताया। मृतका के पास से मिले पर्स में एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उसने खुदकुशी करने का आरोप ससुराल पक्ष के खिलाफ लगाया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्गा नगर निवासी यशपाल उर्फ राजन की शिकायत पर पानीपत की लाजपत राय निवासी दिनेश खुराना व अन्य पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यशपाल उर्फ राजन ने बताया कि उसकी बड़ी बहन पूजा की 2002 में दिनेश खुराना के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद उन्हें बेटा हुआ जोकि 14 साल का है। ससुराल वालों द्वारा परेशान करने पर आठ साल पहले वह अंबाला शहर के दुर्गा नगर में किराये के मकान में रहने लगे थे। आरोप है वहां आकर भी सास, ससुर व देवर, दिनेश व मासड़ राजू चूगा मिलकर उसे तंग करते थे। यशपाल ने बताया कि पांच दिन पहले उनकी मां कमलेश को शुगर व ब्लडप्रेशर बढ़ने के कारण निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। वहां आकर भी बहन पूजा ने उन्हें ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा बार-बार तंग व मारपीट करने की बात बताई थी। यशपाल ने बताया कि दूसरी बहन कुसुम ने फोन पर हर्बल पार्क में पूजा द्वारा सल्फास खाने की बात बताई थी। जिसकी हालत खराब होने पर उसे चंडीगढ़ 32 में रेफर किया था। लेकिन सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। यशपाल का आरोप है ससुराल वालों से परेशान होकर उसकी बहन पूजा ने आत्महत्या की है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।