मंत्री के जाने के बाद बस अड्डे की सड़क पर फिर लगी रेहड़ी-फड़ी
परिवहन मंत्री की जाते ही बस अड्डे की सड़क पर फिर से अतिक्रमण हो गया है। यहां पर निगम एक सप्ताह से सुबह और शाम में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटा रहा था।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर:
शहर से परिवहन मंत्री की जाते ही बस अड्डे की सड़क पर फिर से अतिक्रमण हो गया है। यहां पर निगम एक सप्ताह से सुबह और शाम में सड़क किनारे से अतिक्रमण हटा रहा था। रविवार को भी सड़क पर अतिक्रमण होने से वाहनों से जाम लगा रहा है। इस वजह से वाहन चालकों और राहगीरों को दिनभर परेशानी रही। शहर में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने शनिवार को रोडवेज बस अड्डे का नामकरण किया था। इसलिए निगम ने अग्रसेन चौक से लेकर बस अड्डे तक सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए एक सप्ताह अभियान चलाया था। इसमें निगम ने सुबह और शाम में सड़क किनारे से रेहड़ी-फड़ी हटाई थी। यहां तक रेहड़ियों को जब्त भी कर लिया। मौके पर कुछ लोगों ने विरोध किया, तो पुलिस ने सभी को शांत किया। इसके बाद कुछ लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया था। लेकिन अब रेहड़ी-फड़ी वालों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया है। यहां की सड़क पर अतिक्रमण होने से रविवार को दिनभर वाहन रेंगते नजर आए। हालांकि मंत्री के आने से पहले पुलिस कर्मी की ड्यूटी भी लगाई थी। लेकिन रविवार को पुलिस कर्मी भी नदारद नजर आए। इस वजह से शाम में वाहनों का दबाव बढ़ने पर वाहन रेंगते नजर आए। इस वजह से वाहन चालकों और राहगीरों की दिनभर परेशानी रही। हालांकि निगम अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त हो गया था। शहर की सड़कों पर निगम ने रोजाना अतिक्रमण का प्लान तैयार किया था। लेकिन निगम का प्लान एक दिन में ही फेल हो गया है। यहां पर एक दिन में लोगों ने सड़क किनारे फिर से अतिक्रमण कर लिया। वहीं कुछ लोगों ने नई रेहड़ी-फड़ी भी लगा दी है।