महिला को बालों से पकड़कर घसीटा, लोगों ने की मारपीट
महेश नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला को लोगों से इसलिए पीट दिया कि वह गली के कुत्तों को खाना खिलाती है।
जागरण संवाददाता, अंबाला
महेश नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला को लोगों से इसलिए पीट दिया कि वह गली के कुत्तों को खाना खिलाती है। यह सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। महिला ने इस बारे में थाना महेश नगर में शिकायत दी, जबकि एसपी अंबाला से मिलकर भी घटना से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि करीब छह माह से स्थानीय लोगों और महिला में विवाद चल रहा है, जबकि शनिवार को लोगों ने महिला को बुरी तरह से मारा पीटा। महिला ने नागरिक अस्पताल छावनी में अपनी मेडिकल जांच भी कराई।
हुआ यूं कि महेश नगर दयाल बाग के साथ लगते क्षेत्र में गली में कुत्ते घूमते हैं। इस एरिया में रहने वाली एक महिला इन कुत्तों को भोजन देती है। यही विवाद का कारण भी है। यह महिला अपने घर के बाहर थी, जबकि आसपास रहने वाले लोग भी मौके पर पहुंच गए। यहां पर महिला के साथ पहले तो बहसबाजी हुई। जो बाद में मारपीट में बदल गई। एक महिला ने पीड़ित के मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। अभी पीड़ित महिला अपना बचाव कर पाती, इससे पहले ही एक व्यक्ति ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया, जिससे यह महिला नीचे गिर गई। इसके बाद महिला को बालों से तो घसीटा ही, साथ ही झाड़ू से भी उसकी पिटाई कर दी। महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी मेडिकल जांच कराई और महेश नगर थाने में शिकायत दी, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया जा रहा है। एसपी से भी मुलाकात कर घटना के बारे में बताया, जिस पर महेश नगर थाने में फोन कर कार्रवाई को कहा गया है। लेकिन शनिवार देर शाम तक मामला दर्ज करके कार्रवाई नहीं की गई है।