Move to Jagran APP

लोन देने वाले 20 बैंक कर्जदार, चमन वाटिका गुरुकुल पर भी चस्पा किया नोटिस

आमदनी बढ़ाने और घाटे से उबरने के लिए नगर निगम अंबाला शहर ने नामचीन संस्थानों पर शिकंजा कस लिया है। बृहस्पतिवार को अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चमन वाटिका गुरुकुल के गेट पर भी 2.12 करोड़ रुपये के बकाये का नोटिस चस्पा कर दिया गया। करीब दस साल से हाउस टैक्स जमा नहीं कराया गया है। इसके अलावा बीस और बैंकों की सूची तैयार की गई जिनका करोड़ों रुपया बकाया है।

By JagranEdited By: Published: Fri, 20 Sep 2019 09:38 AM (IST)Updated: Sat, 21 Sep 2019 06:36 AM (IST)
लोन देने वाले 20 बैंक कर्जदार, चमन वाटिका गुरुकुल पर भी चस्पा किया नोटिस
लोन देने वाले 20 बैंक कर्जदार, चमन वाटिका गुरुकुल पर भी चस्पा किया नोटिस

अवतार चहल, अंबाला शहर

loksabha election banner

आमदनी बढ़ाने और घाटे से उबरने के लिए नगर निगम अंबाला शहर ने नामचीन संस्थानों पर शिकंजा कस लिया है। बृहस्पतिवार को अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चमन वाटिका गुरुकुल के गेट पर भी 2.12 करोड़ रुपये के बकाये का नोटिस चस्पा कर दिया गया। करीब दस साल से हाउस टैक्स जमा नहीं कराया गया है। इसके अलावा बीस और बैंकों की सूची तैयार की गई, जिनका करोड़ों रुपया बकाया है।

पहले चरण में बृहस्पतिवार को सात बैंकों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस जारी होते ही हड़कंप मच गया। लोगों को ऋण देने वाले बैंक भी नगर निगम के कर्जदार हैं। अंबाला छावनी में नगर परिषद बनने के बाद अब शहर सिर्फ नगर निगम बनकर रह गया है। ऐसे में निगम बकाया राशि को वसूल करने के लिए कदम उठा चुका है।

खजाना भरने में छूट रहा पसीना

नगर निगम के खाली हुए खजाने को भरने में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। 25 करोड़ रुपये गत वर्ष 2018-19 में हाउस टैक्स और एरियर के ट्विन सिटी वासियों पर बकाया थे। मार्च तक नगर निगम अधिकारियों ने करीब 11 करोड़ की रिकवरी कर ली थी। यह नगर निगम के 6 साल के कार्यकाल में दूसरी सबसे बड़ी रिकवरी की थी। इससे पहले वर्ष 2016 में 12.5 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई थी। साल 2017 में 7 करोड़ की रिकवरी की थी। इस साल अब तक करीब 4 करोड़ रुपये की रिकवरी की जा चुकी है।

नगर निगम के टैक्स क्लर्क सुरिद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम के कमिश्नर डॉ. सुशील कुमार मलिक के दिशानिर्देश में टैक्स न जमा करवाने वालों को नोटिस दिये जा रहे हैं। सात दिन में टैक्स जमा न करवाने वालों पर सील लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

..तो गुरुकुल को कर देंगे सील

चमन वाटिका गुरुकुल स्कूल ने 2010 के बाद हाउस टैक्स जमा ही नहीं कराया। जबकि स्कूल का एक साल का 24 लाख के करीब हाउस टैक्स बनता है। ऐसे में स्कूल की तरफ 2 करोड़ 12 लाख रुपये की राशि खड़ी हो गई। लेकिन स्कूल ने इसे जमा करवाना उचित नहीं समझा। ऐसे में नगर निगम के टैक्स ब्रांच की टीम ने स्कूल पर नोटिस चस्पा दिया है। जिसके मुताबिक यदि तय समय पर राशि जमा नहीं करवाई गई तो स्कूल को सील कर दिया जाएगा।

सात बैंकों को दिए नोटिस

नगर निगम की टीम ने शहर क्षेत्र के सात बैंकों को भी नोटिस दिए हैं। इन बैंकों पर करीबन 13 लाख रुपये हाउस टैक्स बकाया है। फिलहाल बीस ऐसे बैंक हैं, जिन्होंने हाउस टैक्स जमा नहीं कराया। इन बैंकों को नगर निगम की टीम नोटिस देने में जुटी है।

12 करोड़ रुपये की और करनी है रिकवरी

नगर निगम ने बेशक चार करोड़ रुपये की रिकवरी कर ली है, लेकिन अभी भी 12 करोड़ रुपये की रिकवरी करनी है। यह रिकवरी करना भी निगम अधिकारियों के लिये किसी चुनौती से कम नहीं है।

ब्याज माफ और करंट पर 10 प्रतिशत छूट

नगर निगम की ओर से इस साल हाउस टैक्स जमा करवाने वालों का ब्याज माफ किया जा रहा है। इतना ही नहीं यदि समय पर हाउस टैक्स जमा करवाते हैं तो उन्हें करंट राशि पर दस प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। ताकि अधिक से अधिक लोग टैक्स जमा करवाएं।

....

चमन वाटिका गुरुकुल को नोटिस दिया गया है। इस मामले में स्कूल पक्ष निगम में आया था, उन्होंने अपना कुछ इश्यू बताया। स्कूल प्रबंधन हाउस टैक्स जमा करवाने के लिए तैयार है। दो दिन में समाधान हो जाएगा। लोगों को नोटिस दिये जा रहे हैं, समय से हाउस टैक्स भर लें। सरकार की योजना का लाभ उठाएं। अन्यथा प्रॉपर्टी को सील कर दिया जाएगा। बाद में इसे नीलाम कर रिकवरी की जाएगी।

डॉ. सुशील कुमार मलिक, आयुक्त, नगर निगम


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.