दीवार बनाने का विवाद: अफसरों के सामने हंगामा, पुलिस छावनी बना क्षेत्र
एक पक्ष दीवार बनाने तो दूसरा पक्ष इसे हटाने को लेकर अड़ा रहा। सूचना पर पुलिस पहुंची मौके पर पहरे में बनवाई गई टूटी दीवार।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर: वीर जी की कुटिया की टूटी दीवार बनाने को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। दीवार बनाने का काम शुरू हुआ तो दूसरा पक्ष इसके विरोध में उतर आया। हंगामा इतना बढ़ गया कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जबकि बाद में पुलिस के पहरे में ही दीवार बनाने का काम पूरा हो पाया।
दावा किया जा रहा है कि करीब 35 साल से यह दीवार बनी थी, जिसे तोड़ दिया गया था। एक पक्ष जहां दीवार बनाना चाह रहा था, तो दूसरे पक्ष का कहना है कि दीवार बनने से पार्क में जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। यही विवाद इतना बढ़ गया कि क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। हालात यह बन गए कि पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों में हाथापाई की नौबत तक आ गई। दीवार बनाने के विरोध में लोग पुलिस के सामने अड़ गए, जबकि उनको समझाने में पुलिस के पसीने भी छूट गए। इस दौरान कुछ लोग धरने पर बैठ गए, जबकि पुलिस ने उनको वहां से हटाया। काफी देर तक हंगामा होता रहा है। पुलिस की मौजूदगी में दीवारों को बना दिया गया, जबकि शाम चार बजे मामला शांत हो गया। यह है मामला
दीवार को लेकर दो पक्षों में काफी समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष ने दीवार तोड़ने के मामले में पुलिस शिकायत दी है, वहीं दूसरा पक्ष इसके विरोध में है। एक पक्ष का कहना है कि कुछ लोगों ने नाजायज कब्जा करने की नीयत से सत्संग भवन की दो दीवारों को जेसीबी से तोड़ दिया। यह दीवारे करीब 35 साल से बनी हुई हैं। इसी को लेकर मामला पुलिस थाने तक भी पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया गया। इस संबंध में दूसरे पक्ष का कहना है कि कागजों में दीवार की जगह पर रास्ता है, जिसे दीवार बनाकर बंद किया गया है। ऐसे में क्षेत्र के बच्चे इस रास्ते से होकर पार्क में नहीं जा सकते है। ऐसे में यहां पर दीवार होनी नहीं चाहिए।