शहीद मेजर योगेश गुप्ता को याद किया, विज से मिलकर प्रतिमा लगाने की मांग उठाई
देश के दुश्मनों से लड़ते हुए शहादत पाने वाले मेजर योगेश गुप्ता को उनकी शहादत पर शुक्रवार को याद किया गया। उनकी याद में छावनी के में बनाए गए चौक पर शहीद के पिता वेद प्रकाश भतीजी स्मायरा गुप्ता सहित अन्य ने पुष्प अर्पित किए।
जागरण संवाददाता, अंबाला: देश के दुश्मनों से लड़ते हुए शहादत पाने वाले मेजर योगेश गुप्ता को उनकी शहादत पर शुक्रवार को याद किया गया। उनकी याद में छावनी के में बनाए गए चौक पर शहीद के पिता वेद प्रकाश, भतीजी स्मायरा गुप्ता सहित अन्य ने पुष्प अर्पित किए। शहीद के परिजन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मिले और चौक पर शहीद की प्रतिमा लगाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई को जम्मू कश्मीर के रंजाती में चार आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने के बाद शहीद हो गए थे।
शहीद के पिता वेद प्रकाश ने बताया कि योगेश गुप्ता में शुरू से ही देश के प्रति कुछ करने की इच्छा थी। इसी को लेकर वे सेना में भर्ती हुए। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई 2002 में जम्मू कश्मीर के सूरनकोट में सेना को सूचना थी कि कुछ आतंकवादी क्षेत्र में घुसे हैं। इसी को लेकर आपरेशन प्रचंड प्रहार शुरू किया गया था और सुबह साढ़े चार बजे सेना व आतंकवादियों से मुठभेड़ शुरू हुई थी। इस दौरान मेजर योगेश गुप्ता के पेट में कई गोलियां लगी, जिससे वे घायल हो गये। इसके बावजूद उन्होंने मोर्चा नहीं छोड़ा और आतंकवादियों से लोहा लेते रहे। क्रास फायरिग में मेजर योगेश ने चार खतरनाक आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि वे वीरगति को प्राप्त हो गए।