कॉलेज परिसर में पेड़ से लटककर चतुर्थ श्रेणी के कर्मी ने की आत्महत्या
शनिवार की बाद दोपहर राजकीय महाविद्यालय में कार्यरत फोर्थ क्लास कर्मचारी अशोक कुमार ने कॉलेज परिसर में स्थित एक पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, नारायणगढ़ : शनिवार की बाद दोपहर राजकीय महाविद्यालय में कार्यरत फोर्थ क्लास कर्मचारी अशोक कुमार ने कॉलेज परिसर में स्थित एक पेड़ में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक वार्ड नंबर वार्ड नंबर का रहने वाला था। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। आत्महत्या करने के कारण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
55 वर्षीय अशोक हर रोज की तरह शनिवार को भी अपनी ड्यूटी पर समय से पहुंचा था। दिनभर काम किया लेकिन तीन बजे के बाद वह किसी को दिखाई नहीं दिया। बताते है अशोक सुबह से ही मायूस लग रहा था लेकिन उसने किसी से कोई जिक्र नहीं किया। पौने चार बजे सहकर्मियों ने अशोक की तलाश की तो उसका शव कॉलेज ग्राउंड के पास पेड़ से लटकता नजर आया। मौके पर पहुंची सेक्टर चार की पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। शव एक प्लास्टिक की रस्सी से पेड़ पर लटका हुआ था। मृतक की जेब से कुछ पैसे व लेन देन के हिसाब की एक पर्ची बरामद हुई है।
कोई फोन पर कर रहा था परेशान
अशोक के सह कर्मियों के मुताबिक उसे बार बार किसी का फोन आ रहा था। अशोक फोन रिसीव नहीं कर रहा था। तीन बजे उसके सह कर्मियों ने उसे बैठने के लिए कहा लेकिन वह ग्राउंड की तरफ निकल गया था। पुलिस को अशोक की जेब से मोबाईल फोन भी बरामद हुआ है। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास करेगी।
जांच जारी है
फिलहाल शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक के परिजनों के ब्यान और कॉलेज प्रबंधन के ब्यान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जांच में पता चलेगा कि फोन पर उसने किससे बातचीत की थी।
-बलकार सिंह, इंचार्ज सेक्टर 4 पुलिस चौकी।