विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 फीट लंबा, 30 KG वजन... अंबाला में सड़क किनारे मिला अजगर; हड़कंप मचते ही पहुंची दो राज्यों के वन विभाग की टीम

Published: Mon, 05 Oct 2026 10:37 PM (IST)

हरियाणा-हिमाचल सीमा से सटे उज्जल माजरी गांव में सड़क किनारे 10 फीट लंबा और 23 किलो वजनी मृत अजगर मिला। ...और पढ़ें

सड़क किनारे पड़ा था 10 फुट का अजगर।

सड़क किनारे पड़ा था 10 फुट का अजगर।

HighLights

  1. हरियाणा-हिमाचल सीमा पर 10 फीट लंबा मृत अजगर मिला।

  2. वन्यजीव विभाग ने अजगर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।

  3. अंबाला में पांच डॉक्टरों के पैनल ने किया अजगर का पोस्टमार्टम।

संवाद सहयोगी, नारायणगढ़। हरियाणा-हिमाचल सीमा से सटे गांव उज्जल माजरी में सोमवार सुबह सड़क किनारे करीब 10 फीट तीन इंच लंबा और 23 किलो वजनी मरा हुआ अजगर मिला। हिमाचल प्रदेश के गांव चूडन निवासी सोमनाथ सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बैलगाड़ी से घास लेने उज्जल माजरी आया था।

उसके खेत हरियाणा की सीमा से लगते हैं। सड़क पर अजगर देख उसे लगा कि वह जिंदा है। उसने हिम्मत दिखाई और डरते-डरते जैसे-तैसे रस्सी की मदद से अजगर को सड़क से दूर कर दिया। सूचना मिलते ही हरियाणा और हिमाचल प्रदेश, दोनों राज्यों के वन्यजीव विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

हिमाचल से डिप्टी रेंजर सबीर खान टीम के साथ पहुंचे। हरियाणा की ओर से वार्डन विशाल शर्मा, वन्यजीव रक्षक अक्षय कुमार और नारायणगढ़ रेंज के वन दारोगा नितिन ने मौके का निरीक्षण किया।

मामला दो राज्यों की सीमा से जुड़ा होने के कारण पहले यह तय किया गया कि अजगर किस क्षेत्र में मिला है। मौके का नक्शा तैयार कर जांच की गई तो स्थान हरियाणा की सीमा में पाया गया। इसके बाद हरियाणा की टीम ने अजगर को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डिप्टी डायरेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में पांच डाक्टरों के पैनल ने अंबाला शहर में शाम को अजगर का पोस्टमार्टम किया। उसके पेट से एक खाया हुआ पक्षी भी मिला।

हालांकि, अजगर की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन विभाग के अनुसार अजगर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अनुसूची-एक में संरक्षित जीव है। इसे पकड़ना, मारना या बेचना कानूनन अपराध है। दोष साबित होने पर पांच से दस वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।

हमें सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो एरिया हरियाणा का था। इसीलिए मृत अजगर को हरियाणा की टीम अपने साथ ले गई। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। - सबीर खान, डिप्टी रेंजर, हिमाचल प्रदेश।

सूचना के बाद हम मौके पर पहुंचे थे और अब अजगर का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। उसकी रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। - विशाल शर्मा, वार्डन, वन्य प्राणी विभाग।