Vadodara District Panchayat President Election: बागी उम्मीदवार ने कांग्रेस की नीला को हराया
Vadodara District Panchayat President election. गुजरात में वडोदरा जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में बागी उम्मीदवार ने कांग्रेस की नीला को हरा दिया है।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात में वडोदरा जिला पंचायत के अध्यक्ष के चुनाव में बागी उम्मीदवार ईलाबेन चौहाण ने कांग्रेस की नीला उपाध्याय को हरा दिया। उधर, पूर्व अध्यक्ष पन्नाबेन भट्ट सहित दस सदस्यों ने उपाध्यक्ष मुबारक पटेल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।
गौरतलब है कि गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में 2015 में कांग्रेस को अच्छी सफलता मिली थी। 23 जिला पंचायतों पर कांग्रेस की जीत हो गई थी, वहीं भाजपा महज छह जिला पंचायतों पर ही सिमट गई थी। अंतर्कलह के चलते कांग्रेस कई जिला पंचायतें खो दी हैं।
गत दिनों कांग्रेस के सदस्य वडोदरा जिला पंचायत की अध्यक्ष पन्नाबेन भट्ट के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए थे, जिसके पारित होने के बाद शुक्रवार को अध्यक्ष का चुनाव कराया गया। इसमें कांग्रेस की बागी ईलाबेन चौहाण ने कांग्रेस प्रत्याशी नीला उपाध्याय को 16 मतों से हरा दिया। जिला पंचायत में 36 सदस्य हैं। उधर, कांग्रेस सदस्यों ने उपाध्यक्ष मुबारक पटेल के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।
वहीं, गुजरात के विधानसभा उपचुनाव में राधनपुर से भाजपा प्रत्याशी अल्पेश ठाकोर एक ऑडियो में कांग्रेस उम्मीदवार रघु देसाई का प्रचार करते सुने जा रहे हैं। आरोप है कि कांग्रेस चुनाव में इस ऑडियो को जमकर वायरल कर रही है।
गत विधानसभा चुनाव में राधनपुर से अल्पेश ठाकोर कांग्रेस के टिकट पर मैदान में थे, लेकिन अब वह भाजपा में शामिल हो चुके हैं। अब कथित तौर पर कांग्रेस सोशल मीडिया में अल्पेश का एक ऑडियो वायरल कर रही है, जिसमें वे रघु देसाई को जिताने की अपील करते सुने जा सकते हैं। ऑडियो कब का है, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह ऑडियो तब का है, जब अल्पेश कांग्रेस में थे।
स्थानीय चुनावों में अल्पेश ने रघु के लिए मत व समर्थन मांगा था। राधनपुर से भाजपा प्रत्याशी अल्पेश के सामने कांग्रेस ने रघु देसाई को उम्मीदवार बनाया है।