Swami Nityananda: त्रिनिदाद में है नित्यानंद के आश्रम से गुम युवती
Swami Nityananda. गुजरात पुलिस ने बेंगलुरू के दंपत्ति की शिकायत पर स्वामी नित्यानंद व दो सेविकाएं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। Swami Nityananda. महानगर के आश्रम से दो युवतियों के गुम होने के मामले में विवादास्पद आध्यात्मिक गुरु स्वामी नित्यानंद व उसकी दो महिला सेविकाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुम हुई एक युवती त्रिनिदाद में है। पुलिस ने स्काइप के जरिए उससे संपर्क किया है।
गुजरात पुलिस ने बेंगलुरू के दंपत्ति की शिकायत पर स्वामी नित्यानंद व दो सेविकाएं प्राणिप्रया व प्रीयतत्वा के खिलाफ अपहरण, अवैध तरीके से बंधक बनाने, मारपीट व चाइल्ड लेबर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अहमदाबाद ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक आरवी असारी ने बताया कि आश्रमवासियों के खिलाफ बच्चों को बंधक बनाने व दुर्व्यवहार करने को लेकर एफआइआर दर्ज की गई है। दंपत्ति ने गत दो नवंबर को पुलिस को बताया कि वह नित्यानंद आश्रम में श्रद्धा रखता था, इसलिए छह माह पहले अपनी तीन बड़ी बेटियों व एक बालक का बेंगलुरू के आश्रम में प्रवेश कराया था। आश्रमवासी परिवार से स्वीकृति लिए बिना चारों बच्चों को अहमदाबाद के आश्रम में लेकर आ गए थे। पुलिस ने शिकायत के बाद दो अवयस्क बच्चों को उनके चंगुल से छुड़ा लिया, लेकिन दो लड़कियां अभी उनके कब्जे में है। 21 साल की युवती के त्रिनिदाद में होने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से उसके साथ संपर्क साधा है, लेकिन उससे छोटी लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं है। एसपी असारी ने बताया कि नित्यानंद व आश्रमवासियों के खिलाफ आइपीसी की धारा 365 अपहरण, 344 गलत तरीके से सहमति दर्शाना, 323 दुर्व्यवहार, 504 लोकशांति भंग करने, 506/2 आपराधिक धमकी व भादंसं की धारा 114 अपराध की दुष्प्रेरणा एवं बालश्रम कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि युवतियों के गुम होने के मामले में सोमवार को अहमदाबाद में करणी सेना ने नित्यानंद के आश्रम के बाहर विरोध जताया था। विरोध के चलते पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।