Gujarat: नए साल के जश्न पर पुलिस की रहेगी नजर
New Year 2020 Celebration. शराब पीकर वाहन चलाने वालों की निगरानी के लिए शहर के विविध नाकों पर 300 ब्रेथ एनलाइजर के साथ पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
अहमदाबाद, जेएनएन। New Year 2020 Celebration. शहर में नए वर्ष के स्वागत के लिए जहां हर्षोल्लास एवं तैयारियों का माहौल हैं, वहीं पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों भी चाक चौबंद हैं। अहमदाबाद शहर पुलिस ने सुरक्षा के हर पहलुओं के मद्देनजर कार्य योजना को अंजाम दिया हैं। पुलिस ने 31 पार्टी प्लॉट और क्लबों के संचालकों को समारोह आयोजित करने की अनुमति दी है। शहर में 85 पीसीआर तथा हॉकबाइक द्वारा सतत पेट्रोलिंग करने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, ट्रैफिक पुलिस विविध नुक्कड़ों पर 300 ब्रेथ एनलाइजर के साथ शराबियों पर निगरानी रखेगी। शहर के सीजी रोड, एसजी हाईवे और सिंधुभवन रोड पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। शहर में विविध घटनाओं पर नजर रखने के लिए 1600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। रोमियोगीरी रोकने के लिए महिला पुलिस को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। शहर के रिवरफ्रंट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
वर्ष 2019 की विदायी एवं 2020 के स्वागत के लिए नवजवानों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। जगह-जगह तैयारियों का सिलसिला जारी है। वहीं, पुलिस ने भी सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर विशेष बंदोबस्त किए हैं। शहर पुलिस कंट्रोल के पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार पटेल ने बताया कि शहर पुलिस ने शहर के नवरंगपुरा, सीजी रोड, एसजी हाईवे, वस्त्रापुर, सिंधुभवन एवं मणिनगर सहित विविध क्षेत्रों में सुरक्षा-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यहां के इन क्षेत्रों में लोग अपने परिजनों के साथ बड़ी तादाद में उपस्थित रहते हैं। यहां किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए शहर के सभी पुलिस स्टेशन कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है।
शहर में 85 पीसीआर तथा हॉकबाइक द्वारा पेट्रोलिंग की जाएगी। शहर में असामाजिक तत्वों तथा रोमियों पर नजर रखने के लिए 1000 सीसीटीवी कैमरों द्वारा निगरानी रखी जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की निगरानी के लिए शहर के विविध नाकों पर 300 ब्रेथ एनलाइजर के साथ पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। पुलिस ने शहर के 31 पार्टी प्लॉट औरर कल्ब के मालिकों को नयावर्ष के स्वागत की समारोह की अनुमति दी है।
इस दौरान रोमियोगीरी रोकने के लिए सिविल ड्रेस में महिला पुलिस को तैनात किया जाएगा। नए वर्ष को मनाने के लिए महिलाओं और युवतियों में भी विशेष उत्साह रहता है। उनसे छेड़छाड़ को रोकने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। शहर के 52 पुलिस थानों की (शी टीम) को पेट्रोलिंग के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके लिए रिवरफ्रंट पर विशेष निगरानी रखी गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्लब एवं पार्टीप्लॉट में भी महिला पुलिस को तैनात किया जाएगा।
इस दौरान बाइक स्टंट करने वाले युवकों को रोकने के लिए शहर के गांधीब्रिज, दधीचि ब्रिज, तथा नेहरू ब्रिज सहित विविध ब्रिजों पर ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाएगी। वे ऐसे युवकों की बाइक डिटेनकर कानूनी कार्रवाई करेंगी।
क्राइम ब्रांच, एसओजी पुलिस शहर के गेस्ट हाउस, होटल का निरीक्षण कर रही है। पार्टी प्लॉटों एवं क्लबों में भी मेटल डिरेक्टर से जांच की जाएगी।