गुजरात के सरकारी कार्यालयों में महिला सुरक्षा को लेकर कमेटी गठित
Gujarat government. कमेटी पुरुष कर्मचारियों को अपने साथी महिला कर्मचारियों के साथ किस तरह से बरताव करना चाहिए इसकी जानकारी देगी।
अहमदाबाद, जेएनएन। दिल्ली की युवती के साथ कथित संबंधों को लेकर चर्चा में आए सस्पेंड आईएएस गौरव दहिया मामले को शर्मनाक बताते हुए गुजरात सरकार ने सरकारी कार्यालयों में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा निर्णय किया है। सरकार ने सरकारी कार्यालयों में एक कमेटी का गठन करने का निर्णय किया है। यह कमेटी पुरुष कर्मचारियों को अपने साथी महिला कर्मचारियों के साथ किस तरह से बरताव करना चाहिए, इसकी जानकारी देगी।
राज्य महिला आयोग ने दो शादियां करने पर गुजरात के आईएएस अधिकारी गौरव दहिया को समन जारी किया। आयोग ने बताया है कि गुजरात मे सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ हर साल 150 से अधिक शिकायतें मिलती हैं। जिसमें सरकारी कार्यालयों में काम करती महिलाओं से यौन शोषण, मानसिक रूप से परेशान करने के मामले अधिक हैं। महिला आयोग के खुलासे के बाद राज्य सरकार को महिला कर्मचारियों की सुरक्षा का अहसास हुआ है।
गुजरात सरकार ने आईएएस गौरव दहिया मामले को शर्मनाक बताते हुए इस प्रकार की घटना दोबारा न हो, इसलिए ग्रामीण से लेकर तहसील, जिला, सचिवालय तक सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया है। इस वर्कशॉप में सरकारी कार्यालयों में काम करती महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। उनके साथ कैसा बरताव करना चाहिए व कार्यालयों में किस तरह का माहौल होना चाहिए। इस संबंध में जानकारी दी जाएगी। सभी सरकारी कार्यालयों में महिला कमेटी का भी गठन किया जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली की एक युवती ने गुजरात के आईएएस अधिकारी गौरव दहिया पर शादीशुदा होते हुए इस तथ्य को छिपाकर वर्ष 2018 में उसके साथ शादी करने व धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। युवती ने कहा है उसकी लड़की के पिता गौरव दहिया हैं और वह उसका डीएनए टेस्ट कराना चाहती है। उधर, आईएएस गौरव दहिया ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उन्हें हनीट्रैप में फंसाया गया है।