प्यास से व्याकुल जीव-जंतु बेहाल, मगरमच्छ किचन में घुस गया!
गुजरात के वडोदरा जिले के रावल गांव में एक महिला के घर के किचन में प्यासा मगरमच्छ घुस गया।
वडोदरा,एजेंसी। प्रचंड गर्मी व प्यास से व्याकुल जीव-जंतु कितने बेहाल हैं, इसका उदाहरण है यह खबर। मंगलवार रात गुजरात के वडोदरा जिले के रावल गांव में एक महिला के घर के किचन में प्यासा मगरमच्छ घुस गया। अनोखे मेहमान की दस्तक का पता भी तब चला जब सुबह पांच बजे राधाबेन गोहिल की 19 साल की बेटी निमिशा किचन में पानी पीने गई।
राधाबेन ने बताया-मगर को देख घबराई निमिशा ने मुझे जगाया। मैंने जाकर देखा तो किचन में करीब 4.5 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। वह एक बर्तन में रखा पानी पीने का प्रयास कर रहा था। वह प्यास से इतना व्याकुल रहा होगा कि उसने न तो निमिशा पर न मुझ पर हमला किया। जैसे ही यह खबर गांव में फैली लोगों की भीड़ लग गई।
हवा आने के लिए दरवाजा खुला रखा था राधाबेन ने बताया कि हवा आने के लिए रात में घर का दरवाजा खुला रखा था। संभवत: इसी रास्ते से मगरमच्छ घुसकर किचन तक पहुंच गया। गांव के बाहरी हिस्से से नर्मदा की नहर गुजरती है।
बाद में वनकर्मियों ने मौके पर जाकर एक एनजीओ की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा। उसे गांव से करीब दो किमी दूर अजवा झील में छोड़ दिया गया। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार वडोदरा के मध्य में बहने वाली विश्वामित्री नदी में बड़ी संख्या में मगरमच्छ पाए जाते हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप