पति के साथ नहीं रहना था तो मां ने की दो बच्चों की हत्या, गिरफ्तार
Woman killed children. गुजरात में एक महिला पति के साथ नहीं रहना चाहती थी इसलिए उसने अपने दो बच्चों की हत्या कर दी।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात के गांधीनगर में एक महिला ने अपने दो बच्चों की नहर में फेंक कर हत्या कर दी। दमकल जवानों ने खोजबीन के बाद नहर मे से दोनों मासूमों का शव बाहर निकाला। धरमपुर पुलिस ने बच्चों की हत्या के आरोप में मां को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गांधीनगर जिले की धरमपुर तहसील के ढाकवड़ गांव में तुलसी जीतुभाई साप्ता (24) नौ जुलाई को अपनी पांच वर्षीय पुत्री तनीसा और तीन वर्षीय पुत्र आदित्य के साथ घर निकल गई थी। उसके पति जीतुभाई ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने के बाद पांच वर्षीय तनीसा का शव मांकडबन गांव से नहर में मिला। इसके कुछ ही दूर नहर में से पुत्र का भी शव मिला। पुलिस ने दोनों शवों की शिनाख्त में पता चला कि यह तनीशा और आदित्य है। जीतुभाई ने भी अपने दोनों बच्चों के शवों को पहचान लिया। हालांकि पुलिस को जीतुभाई की पत्नी का कोई पता नहीं चला था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। इसी बीच, नाटकीय तरीके से तुलसी रविवार को कोरवड गांव से मिली।
धरमपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे थाने लाया। उसने पुलिस सामने खुलासा किया कि उसने ही अपने दोनों बच्चों की नहर में फेंककर हत्या की है। उसे अपने पति के साथ नहीं रहना था। उसे उसका पति पसंद नहीं है। इसलिए उसने अपने पति से छुटकारा पाने के लिए दोनों बच्चों की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि तुलसी से पूछताछ के बाद उसका मेडिकल चेकअप करवाया जा रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।