विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूरत: होटल की सब्जी खाकर परिवार के 5 लोग अस्पताल में भर्ती, एक बच्ची की मौत

Published: Tue, 18 Aug 2026 01:40 PM (IST)

सूरत में फूड पॉइजनिंग से एक परिवार के पांच सदस्य बीमार हो गए, जिसमें 5 साल की बच्ची आर्या की मौत हो गई है

सब्जी खाने के बाद बिगड़ी तबियत

सब्जी खाने के बाद बिगड़ी तबियत

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, सूरत। गुजरात के सूरत शहर से फूड पॉइजनिंग का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहा के वराछा इलाके में स्थित रणूजाधाम सोसायटी में रहने वाले अशोकभाई कलसरिया के परिवार के 5 सदस्य गंभीर रूप से फूड पॉइजनिंग (खाद्य विषाक्तता) का शिकार हो गए हैं।

इस घटना में उनकी 5 साल की मासूम बेटी आर्या की मौत हो गई है, जबकि माता-पिता और उनकी दो अन्य बेटियां अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्थानीय रेस्टोरेंट से लाकर खाई गई सब्जी के कारण पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ी है।

5 घंटे बाद शुरू हुआ पेट दर्द

मिली जानकारी के अनुसार, अशोकभाई चतुरभाई कलसरिया शनिवार, 15 अगस्त को ईश्वरकृपा क्षेत्र में स्थित 'शीतल रेस्टोरेंट' से शाम को दो तरह की सब्जी खरीदकर घर लाए थे।

रात में परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ मिलकर भोजन किया। भोजन करने के लगभग 5 घंटे बाद, यानी रविवार तड़के सुबह अशोकभाई और उनकी सबसे छोटी 5 साल की बेटी आर्या को पेट में तेज दर्द होने लगा।

शुरुआत में राहत पाने के लिए वे नजदीकी क्लिनिक पर गए, जहां उन्हें दवा दी गई और बोतल (ड्रिप) चढ़ाई गई। लेकिन शाम तक भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

अगले दिन तकलीफ और ज्यादा बढ़ गई तथा अशोकभाई की पत्नी ज्योत्सनाबेन तथा उनकी अन्य दो बेटियों को भी पेट में तेज दर्द के साथ-साथ उल्टी और दस्त (डायरिया) की गंभीर शिकायत होने लगी।

अस्पताल पहुंचने के 15 से 20 मिनट में ही तोड़ा दम

जब पूरे परिवार की तबीयत बहुत ज्यादा गंभीर हो गई, तो उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान सबसे छोटी बेटी आर्या को अचानक गंभीर ऐंठन (दौरे जैसी स्थिति) होने लगी।

उसे बेहद नाजुक हालत में तत्काल सद्विचार अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद भर्ती होने के महज 15 से 20 मिनट के भीतर ही मासूम आर्या ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक फूड पॉइजनिंग होने की वजह से बच्ची की मौत हुई है।

मां-बाप और दो बेटियों की हालत नाजुक

इस घटना में मृत बच्ची की मां ज्योत्सनाबेन, पिता अशोकभाई और उनकी दो अन्य बेटियों की रिपोर्ट में भी गंभीर फूड पॉइजनिंग की पुष्टि हुई है। वर्तमान में परिवार के ये चारों सदस्य स्मीमेर अस्पताल में भर्ती हैं, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

इस दुखद घटना से पूरे परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया है। पीड़ित परिवार के संबंधी बाबूभाई कलसरिया और चचेरे भाई भावेशभाई कलसरिया ने रोते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड विभाग) से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि शीतल रेस्टोरेंट के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

यह भी पढ़ें- गुजरात: आणंद के गांवों में जहरीली गैस का रिसाव, 200 पक्षियों की मौत; दहशत में लोग