Sardar Patel Jayanti: केवड़िया में महिला पुलिसकर्मियों ने हैरतअंग्रेज कारनामों से मन मोहा
Sardar Patel Jayanti. सरदार पटेल की जयंती पर केवड़िया में महिला पुलिसकर्मियों ने हैरतअंग्रेज कारनामों से मन मोह लिया।
अहमदाबाद, जेेएनएन। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयंती पर वीरवार को गुजरात पुलिस की महिला टीम ने बुलेट मोटरसाइकिल पर हथियारों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मनमोह लिया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने तलवारबाजी सहित विविध करतबों की नुमायश की। इस मौके पर गुजरात पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम का नेतृत्व सीआरपीएफ की इंस्पेक्टर सीमा नाग ने किया। सबसे पहले उन्होंने मोटर बाइक पर खड़े होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सैल्यूट किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीरवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयंती पर केवड़िया आए हुए है। यहां सरदार पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। यह विश्व कीर्तिमान है। इतनी बड़ी प्रतिमा देश विदेश में और कहीं भी नहीं है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
यहां इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आयोजित शक्ति प्रदर्शन में महिला पुलिस ने हैरतअंग्रेज प्रदर्शन कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। गुजरात पुलिस की महिला आरक्षी ने बुलेट पर खड़े होकर दोनों हाथों से तलवार बाजी कर महिला शक्ति का परिचय दिया। इसके बाद सीआरपीएफ की महिला सदस्य ने दोनों हाथों से पिस्तौल पकड़कर अपने अचूक निशाने और बैलंस का परिचय दिया। एक बुलेट पर पांच महिला जवानों ने हाथ में रायफल के साथ अंटेशन मुद्रा में होकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।
पूरे देश के पुलिस जवानों ने इस परेड में हिस्सा लिया। इसमें असम, ओडिशा, कर्नाटक और गुजरात के जांबाज जवान सहित 48 पुलिस यूनिट के जवान फ्लैग शॉ में शामिल थे। पूरे गुजरात में सरदार पटेल की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस मौके पर कई जगह सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी यादों को भी साझा किया गया।