कबूतर चोरी के आरोप में अगवा कर किशोर की हत्या
Murder in surat. गुजरात के सूरत में कबूतर चोरी के आरोप में अगवा कर एक किशोर की हत्या का मामला सामने आया है।
सूरत, जेएनएन। गुजरात में सूरत के डिंडोली थाना क्षेत्र में कबूतर चोरी के आरोप में दो नाबालिकों ने मिलकर एक किशोर की हत्या कर दी। आरोपित दो नाबलिकों में से एक मृतक का पड़ोसी है। पुलिस ने हत्या के आरोप मे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
डिंडोली थाना पुलिस ने बताया कि 13 वर्षीय राज मोरी नावागाम माराठी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता था। उसके पिता एक ट्रक ड्राइवर हैं, जबकि उसकी माता घोडरोड पर लोगों के घर में काम करती है। पुलिस ने बताया कि रविवार अपरान्ह चार बजे उसकी माता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि उनका पुत्र राज मोरे लापता है। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने आसपास के इलाकों में उसकी छानबीन की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने बताया कि रामनगर सोसायटी के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसमें राज मोरे दो लड़कों के साथ एक टेंपो में जाते हुए दिखाई दे रहा था। पुलिस ने जब यह फुटेज उसके माता-पिता को दिखाया तो पता चला कि दो में से एक लड़का उनके पड़ोस में रहता है।
इसके बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि राज मोरे ने उनका कबूतर चोरी किया था। इसीलिए रविवार दोपहर उसने अपने एक दोस्त के साथ पिता के टेंपो में उसका अपहरण कर लिया था। दोनों ने उससे मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों गबरा गए और स्वप्न सोसायटी के पीछे ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। डिंडोली पुलिस ने रविवार देर रात सोसायटी के पास से राज का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित दोनों की उम्र 15 और 17 साल है। दोनों को कोर्ट ने रिमांड होम भेजने का आदेश दिया है।