गुजरातः जामनगर में चोर होने के संदेह में व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या, तीन गिरफ्तार
Mob lynching in Jamnagar.चोर होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना गुजरात के जामनगर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जामनगर, प्रेट्र। सात लोगों ने चोर होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना गुजरात के जामनगर जिले की है। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। मोती खावडी गांव में रविवार को हुई इस घटना के बाद सात आरोपितों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मेधपार थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मानसिक रूप से बीमार करीब 35 वर्षीय व्यक्ति रविवार सुबह दीवार फांदकर घर में घुसा। उसने खिड़की भी तोड़ दी। इस मकान में आरोपित ठहरे हुए थे। उसके बाद वह गालियां देने लगा जिसके आधार पर आरोपितों ने चोर समझ लकड़ी, प्लास्टिक के डंडों से पिटाई शुरू कर दी। पिटाई से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आरोपित समीप ही स्थित फेब्रिकेशन फैक्ट्री में सुपरवाइजर के रूप में काम करते हैं और किराए के मकान में रहते हैं। जब उन्होंने अपने वरिष्ठ को घटना की जानकारी दी तो वह घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
बाद में पुलिस ने उत्तर प्रदेश देवरिया निवासी प्रभाकर त्रिपाठी, सुल्तानपुर निवासी योगेश सिंह और बिहार के रहने वाले मनोज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अन्य चार आरोपित साहिल अंसारी, प्रकाश कुमार, संतोष मौर्य और शिवाजी उद्धव की तलाश की जा रही है।