पांच माह पहले मर चुके प्रेमी के खिलाफ दर्ज करवाई दुष्कर्म की शिकायत
Misbehavior with Minor. लड़की ने पांच महीने पहले मर चुके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करवाई है। घटना गुजरात के सूरत की है।
सूरत, जेएनएन। सूरत में सोमावार को एक नाबालिग लड़की ने पांच महीने पहले मर चुके अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। लड़की ने उसके तीन दोस्तों और परिजनों सहित कुल आठ लोगों पर भी प्रताड़ना तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोपी पक्ष पहले ही लड़की के परिवारवालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरणा का मामला दर्ज करा चुका है।
जानकारी के मुताबिक, सूरत के एक गांव में रहकर नौवीं क्लास में पढ़ने वाली 13 वर्षीय लड़की अपने माता के साथ सरथाना पुलिस थाने पहुंची। उसने शिकायत दर्ज करवाई कि वह छह महीने पहले पड़ोस में रहने वाले अजय दला बुहा नामक 22 वर्षीय युवक के संपर्क में आई थी। उसने एक दिन बहला-फुसलाकर अपनी चाची के घर बुलाया। यहां अजय ने उसके भाई को जान से मारने की धमकी देकर जबरन उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद अजय ने अपने दोस्तों और परिजनों की मदद से अलग-अलग जगहों पर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया।
पुलिस ने बताया कि लड़की की शिकायत पर मृतक अजय बुहा, उसके माता-पिता तथा उसकी चाची श्राद्धाबेन, उसके पति भरत बुहा, उसके तीन मित्र विशाल, सागर, पार्थ खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने बताया कि अजय और लड़की दोनों के बीच प्रेम संबंध था। लेकिन लड़की के पिता को इस बारे में पता चला तो उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अजय की पिटाई की और उनकी लड़की की जिंदगी से दूर चले जाने की धमकी दी थी।
पुलिस ने बताया कि डर के मारे अजय अपने गांव जूनागढ़ के विसावदर चला गया था। जहां उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद लड़के के पिता ने लड़की के परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था। जिसके बाद से लड़की के पिता सहित सभी आरोपित फरार हैं। सरथाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल लड़की की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।