गुजरात में भ्रष्टाचार में सार्वजनिक इकाई बंद
कृषि मंत्री आरसी फाल्दु ने गांधीनगर में बताया कि सरकार किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी।
अहमदाबाद, प्रेट्र। लंबे समय से भ्रष्टाचार में घिरे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम गुजरात राज्य भूमि विकास निगम (जीएसएलडीसी) को सरकार ने बंद करने का निर्णय लिया है। राज्य में यह पहला मौका है, जब सरकार किसी सार्वजनिक उपक्रम को भ्रष्टाचार के कारण बंद करने जा रही है।
कृषि मंत्री आरसी फाल्दु ने गांधीनगर में बताया कि सरकार किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, 'गुजरात राज्य भूमि विकास निगम में अनियमितता की जानकारी सरकार को मिली है। अत: हमने जनहित में इसे बंद करने का निर्णय लिया है।'
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों तथा मशीनरी को निगम के मूल कायरें को जारी रखने के लिये अन्य विभागों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। गुजरात राज्य भूमि विकास निगम का गठन 1978 में किया गया था। इसका मूल कार्य किसानों को सिंचाई कार्य के लिए तालाब के निर्माण में तकनीकी व वित्तीय मदद मुहैया कराना था।
भ्रष्टाचार के आरोप में आइएएस अफसर निलंबित
अहमदाबाद, प्रेट्र। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भ्रष्टाचार के आरोप में आइएएस अफसर वीजे राजपूत को निलंबित कर दिया है। राजपूत पर जूनागढ़ का नगर आयुक्त रहते हुए वित्तीय अनियमितता करने का आरोप है। वर्ष 2016-18 तक वह जूनागढ़ नगर निगम के आयुक्त रहे थे। इस साल अप्रैल में वहां से हटाए जाने के बाद राजपूत को कोई नियुक्ति नहीं दी गई थी।