गुजरात: 30 लाख की ड्रग्स की तस्करी कर रही पूर्व एयर होस्टेस गिरफ्तार, मुंबई ले जाते हुए पुलिस ने दबोचा
मुंबई की पूर्व एयर होस्टेस मानसी सईद और उसके दोस्त सोहेल को सूरत क्राइम ब्रांच ने 977 ग्राम एमडी ड्रग्स ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, सूरत। मुंबई की रहने वाली एक पूर्व एयर होस्टेस को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सूरत क्राइम ब्रांच को उसके पास से 977 ग्राम ड्र्ग्स मिली है। एयर होस्टेस की पहचान मानसी सैयद के रूप में हुई है।
मानसी को पहले भी ड्रग्स नेटवर्क में गिरफ्तार किया जा चुका है। मानसी का दोस्त सोहेल सुलेमान शेख भी दबोचा गया है। इनकी योजना ड्रग्स को मुंबई ले जाने की थी, जहां इसे लोगों को बेचा जाना था।
क्राइम ब्रांच को मिली सूचना
मामला तब खुला, जब सोमवार को सूरत की क्राइम ब्रांच टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स ले जाई जा रही है। एमडी ड्रग को मेफेड्रोन भी कहा जाता है। यह कार वडोदरा से मुंबई की तरफ जा रही थी।
सूचना मिलते ही टीम एक्टिव हो गई और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक टोल पोस्ट पर चेकिंग की जाने लगी। अधिकारियों ने एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रोका, तो तलाशी लेने पर गाड़ी से 977 ग्राम ड्रग्स मिली। ड्रग्स को बच्चों के डायपर में छिपाया गया था। गाड़ी में मानसी और सोहेल मौजूद थे।
मुंबई से किराए पर ली थी कार
पुलिस को कार में से कई मोबाइल फोन और ड्रग्स की पैकेजिंग के लिए कंटेनर और प्लास्टिक बैग भी मिले। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों ने मुंबई से कार किराए पर ली और फिर ड्रग्स लेने के लिए वडोदरा पहुंचे थे।
दोनों ने बाया कि उन्होंने वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास एक महिला से ड्रग्स खरीदी थी। इसे मुंबई पहुंचकर 10 ग्राम के पैकेट बनाकर बेचे जाने की प्लानिंग थी। मानसी मलेशियाई एयरलाइंस में काम कर चुकी थी और सोहेल को कई सालों से जानती थी। दोनों मुंबई के सांताक्रूज में रहते थे।
मानसी 2015 से इस धंधे में एक्टिव थी। उसे 2021 में इंदौर पुलिस ने 100 ग्राम ड्रग्स मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया था और 4 साल उनसे जेल में काटे थे। अब पुलिस ड्रग्स की खेप देने वाली महिला की तलाश में जुटी है।
