घर की बालकनी में बारात देख रही महिला की गोली लगने से मौत
गुजरात के सूरत में घर की बालकनी में बारात देख रही महिला की गोली लगने से मौत हो गई।
सूरत, जेएनएन। सूरत के वाराछा क्षेत्र में शादी में फायरिंग से घायल महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घर की बालकनी में से बारात जाते देख रही थी, इसी दौरान खुशी में बारातियों द्वारा फायरिंग की गई, इसमें से एक गोली महिला के गले में लग गई थी।
जानकारी के मुताबिक, वराछा क्षेत्र के लक्ष्मीनगर में सोमवार रात करीब 11.30 बजे बारात जा रही थी। इस दौरान सावित्रीबेन देवराज बडगुर्जर (42) अपने दो पुत्रों के साथ घर की बालकनी की खिड़की से बारात देख रही थी। बारातियों द्वारा अचानक खुशी में फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली बारात देख रही सावित्रीबेन के गले को चीरते हुए निकल गई। परिजनों ने तुरंत ही लहूलुहान अवस्था में सावित्रीबेन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाते ही पुलिस का काफिला भी आ पहुंचा। मृतका के पति देवराज बडगुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुछ बारातियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक फायरिंग करने वाले शख्स की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक सावित्री बेन के दो पुत्र हैं। उनके पति हीरा घिसने का काम करते हैं। इस घटना से लक्ष्मीनगर इलाके मे शौक का माहौल है।