सीएम रूपाणी ने काफिला रोककर दुर्घटना में घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल
CM vijay rupani. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी नेसड़क दुर्घटना में घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने एक बार फिर संवेदनशीलता के परिचय देते हुए अपना काफिला रुकाकर सड़क दुर्घटना में घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। मुख्यमंत्री का काफिला मंगलवार सुबह गांधीनगर से गुजर रहा था, तभी यह हादसा हुआ था। जिसके बाद उन्होंने अपने काफिले की कार में महिला का प्राथमिक उपचार करवाने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री विजय रूपाणी काफिले के साथ अहमदाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांधीनगर में सरगासण गांव के पास स्कूटर पर जा रही महिला सड़क हादसे में घायल हो गई। दुर्घटना के चलते भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। जिसे देख मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत ही अधिकारियों को घायल महिला को उपचार के लिए अपनी कार से गांधीनगर सिविल अस्पताल ले जाने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि पिछले महीने भी हाईवे पर हादसा हुआ था। वहां भी मुख्यमंत्री ने अपने काफिले को रोककर दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया था।