Attack on Doctor: पत्नी की मौत का बदला लेने के लिए पति ने डॉक्टर पर किया जानलेवा हमला
Attack on Doctor in Gujarat. पत्नी की मौत का बदला लेने के लिए डॉक्टर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना गुजरात की है।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात में अहमदाबाद के ओढव क्षेत्र में सोमवार को डॉक्टर मुकेश प्रजापति पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इलाज के दौरान पत्नी की मौत होने के कारण उसका बदला लेने के लिए युवक ने डॉक्टर मुकेश प्रजापति पर फायरिंग कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आलोक-2 बंगलोझ में रहते और ओढव कृष्णकुंज कॉम्प्लेक्स में कुंवरबा अस्पताल चलाते डॉक्टर मुकेश प्रजापति पर सोमवार दोपहर को बुलेट पर आए एक शख्स ने फायरिंग की थी। इस हमले में डॉक्टर प्रजापति बाल-बाल बच गए। केवल उनके हाथ पर गोली लगी। इसके बाद उन्हें लहूलुहान अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी सर्जरी की गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकेश प्रजापति का बयान लिया है। उन्होंने हमला करने वाले शख्स को पहचान लिया है।
पुलिस के सामने डॉक्टर मुकेश प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2018 में अस्तपाल के निकट कृष्णकुंज सोसायटी में रहते विपुल व्यास की पत्नी रुपल बेन गर्भवती थी। विपुल अपनी पत्नी की डिलीवरी के लिए अस्पताल आए थे। उस समय विजिटिंग डॉक्टर ने उनकी पत्नी की डिलीवरी की थी। लेकिन बाद में उनकी पत्नी रुपल बेन की तबियत खराब हो गई, कुछ ही देर के बाद उनकी मौत हो गई। इसके बाद रुपल बेन के परिजन व पति ने अस्पताल में पर उपचार के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा मचा दिया। इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
डॉक्टर ने बताया कि विपुल व्यास ने इसकी अदावत रखते हुए उन पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत के बाद आरोपित विपुल व्यास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित फरार है। उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है।