Gujarat Assembly By Election 2019: गुजरात में कड़ी सुरक्षा के बीच छह सीटों पर मतदान
Gujarat Assembly By Election 2019. गुजरात में कड़ी सुरक्षा के बीच छह सीटों पर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान हुआ।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरात की छह विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में रविवार दोपहर बारह बजे तक औसत 17 फीसद मतदान हुआ। सबसे अधिक अरावली जिले की बायड में करीब 20 फीसद मतदान रिकार्ड किया गया। मतदान के दौरान कई बूथ पर ईवीएम में खामी की शिकायतें भी मिली हैं।
राज्य की छह सीटों अहमदाबाद की अमराईवाडी, बनासकांठा की थराद, पाटणकी राधनपुर, अरावली के बायड मेहसाणा की खेरालू व महीसागर की लूनावाडा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह मतदान प्रारंभ हुआ। कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खामी की शिकायतें मिलीं, जिसके बाद पांच बीयू, 14 सीयू तथा 22 वीवीपीएट बदली गईं। दोपहर 12 बजे तक छह सीटों पर औसत मतदान 17 फीसद रहा।
अहमदाबाद की अमराईवाडी सीट पर दोनों ही प्रमुख दल भाजपा व कांग्रेस ने पटेल समुदाय के प्रत्याशी को उतारा है। वहीं, खेरालू में ठाकोर समुदाय के उम्मीदवार आमने सामने हैं। इसके अलावा राधनपुर में भाजपा के अल्पेश ठाकोर के विरुद्ध कांग्रेस ने रघु देसाई को, बायड में भाजपा के धवल सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने जशु भाई पटेल को, थराद में भाजपा के जीवराज पटेल के सामने कांग्रेस ने गुलाब सिंह राजपूत को तो लूनावाडा में जिगनेश सेवक के खिलाफ कांग्रेस के गुलाब सिंह चौहाण मैदान में हैं। उपचुनाव में छह सीटों पर कुल 42 उम्मीदवार मैदान में हैं।
कांग्रेस ने रविवार को भाजपा पर बायड में शराब वितरण का आरोप लगाया था। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा के मुताबिक, भाजपा पुलिस व सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर कई विधानसभा क्षेत्रों में शराब बांट रही है।
वहीं, सोमवार सुबह बायड के भाजपा प्रत्याशी धवल सिंह झाला ने कांग्रेस पर मतदाताओं को रुपये बांटने का आरोप लगाया। बायड व राधनपुर सीट पर भाजपा व कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक रखी है।
गौरतलब है कि अल्पेश व धवल सिंह गत चुनाव में इन सीटों पर कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। बाद में वे पार्टी व विधानसभा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।