मार्को रूबियो का जामनगर दौरा, भारत-अमेरिका ऊर्जा संबंधों को मिली नई दिशा
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत के साथ ऊर्जा संबंध मजबूत करने के उद्देश्य से जामनगर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिफाइनरी का दौरा किया।

रूबियो ने जामनगर रिफाइनरी का दौरा किया। (पीटीआई)
HighLights
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने जामनगर रिफाइनरी का दौरा किया।
भारत-अमेरिका ऊर्जा संबंधों को मजबूत करने पर हुई चर्चा।
वंतारा केंद्र, स्वच्छ ऊर्जा इकाई का अवलोकन, अंबानी परिवार से मुलाकात।
डिजिटल डेस्क, जामनगर। भारत के साथ ऊर्जा संबंध बढ़ाने की वाशिंगटन की कोशिशों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज की जामनगर रिफाइनरी का दौरा किया। यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब ट्रंप प्रशासन भारत की रिफाइनिंग क्षमता का अधिक उपयोग, अमेरिकी ईंधन की ज्यादा खरीद और भारतीय कंपनियों से ज्यादा निवेश की मांग कर रहा है।
दौरे की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि रूबियो अपनी पत्नी जीनेट डूसडेब्स के साथ दुनिया के सबसे बड़े सिंगल-साइट ऑयल रिफाइनिंग कांप्लेक्स पहुंचे। उन्होंने वंतारा वन्यजीव बचाव एवं संरक्षण केंद्र और रिलायंस के स्वच्छ ऊर्जा विनिर्माण केंद्र का भी दौरा किया। अमेरिका रवाना होने से पहले उन्होंने जामनगर में कुछ घंटे बिताए।
अधिकारियों ने इसे निजी दौरा बताया है। दोनों पक्षों ने यात्रा कार्यक्रम का ब्योरा जारी नहीं किया है। यह दौरा अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले डीजल की कीमतों पर बढ़ते दबाव के बीच भी हुआ है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के नेतृत्व में लगभग पूरे अंबानी परिवार ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इसमें उनकी पत्नी नीता अंबानी, बेटी ईशा अंबानी और उनके पति आनंद पीरामल, छोटे बेटे अनंत अंबानी और उनकी पत्नी राधिका मर्चेंट शामिल थे। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक पीएमएस प्रसाद और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उपस्थित थे।
मुकेश अंबानी के बड़े बेटे और जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी दूरसंचार कंपनी के आईपीओ की ओपनिंग की तैयारियों में जुटे थे।
जामनगर पहुंचने से एक दिन पहले रूबियो ने भारत को कच्चा तेल रिफाइनिंग की महाशक्ति बताते हुए उससे वेनेजुएला का ज्यादा तेल प्रोसेस करने का आग्रह किया था। उल्लेखनीय है कि रिलायंस अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाले तेल का बड़ा खरीदार और रिफाइन ईंधन का प्रमुख निर्यातक है।
अदाणी समूह और टाटा संस के प्रमुखों से मिले रूबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बुधवार सुबह अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से मुलाकात की। इसके बाद वह गुजरात के जामनगर के लिए रवाना हो गए। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार दोपहर मुंबई पहुंचे रूबियो ने पहले अदाणी और इसके बाद चंद्रशेखरन से मुलाकात की। दोनों में से किसी पक्ष ने बैठकों का ब्योरा जारी नहीं किया है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
