Gujarat: युवती सहित तीन ब्रेनडेड मरीजों ने किया अंगदान, एक दर्जन लोगों को मिला नया जीवन
Gujarat तीन ब्रेनडेड लोगों के हृदय फेफड़े किडनी व अन्य अंग एयर एंबुलेंस के जरिये अहमदाबाद मुंबई व चेन्नई ले जाकर एक दर्जन से अधिक लोगों को जीवनदान दिया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की पहल पर राज्य में अंगदान को एक महाभियान की तरह चलाया जा रहा है।
अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। गुजरात में गुरुवार को तीन ब्रेनडेड लोगों के हृदय, फेफड़े, किडनी व अन्य अंग एयर एंबुलेंस के जरिये अहमदाबाद, मुंबई व चेन्नई ले जाकर एक दर्जन से अधिक लोगों को जीवनदान दिया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की पहल पर राज्य में अंगदान को एक महाभियान की तरह चलाया जा रहा है। वडोदरा की 17 वर्षीय वृंदा को हाईपोक्सिया के चलते निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह ब्रेनडेड घोषित कर दी गई थीं। पिता ने उनके अंगदान करने का फैसला लेकर सात लोगों को जीवन दान दिया है। वृंदा का हृदय, फेफड़े, दोनों किडनी, स्वादपिंड व आंखों के कार्निया दान किए गए। हृदय ग्रीन कारिडोर बनाकर वडोदरा से मुंबई तथा फेफड़े चेन्नई के अस्पताल में ट्रांसप्लांट के लिए भेजे गए। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के दौरान कोरोना पीड़ित एक युवती ने फेफड़े खराब होने पर जान बचाने के लिए अभिनेता सोनू सूद से गुहार लगाई थी। सूद ने नागपुर से उसे इलाज के लिए चेन्नई के अस्पताल में भर्ती भी कराया था। इस घटना की देश में खूब चर्चा हुई थी।
जूनागढ़ के अस्पताल में ब्रेनडेड मगनभाई के विविध अंग एयर एंबुलेंस के जरिये केशोद से अहमदाबाद के सिविल मेडिसिटी में लाए गए। ब्रेनस्ट्रोक के बाद मगनभाई ब्रेनडेड हो गए थे। अंगदान के एक और मामले में गांधीनगर के जसुजी ठाकोर को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के लिए अहमदाबाद के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां ब्रेन डेड होने पर उनके परिजनों ने हृदय व गुर्दे दान करने का फैसला किया। गुजरात सरकार ने स्टेट आर्गन टिश्यू एंड ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन के जरिये विविध शहरों में अंगदान को बढ़ावा देने व अंग ट्रांसप्लांट को अभियान के रूप में चलाने का फैसला किया। इसके चलते गुरुवार को एक ही दिन में अहमदाबाद, जूनागढ़ व वडोदरा में अंगदान कर एक दर्जन से अधिक लोगों को जीवनदान दिया गया। वडोदरा से हृदय को जहां मुंबई भेजा गया वहीं फेफड़ों को चेन्नई में भेजकर जरूरतमंद को अंगदान किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल के मार्गदर्शन में राज्य के विविध अस्पताल व मेडिकल कालेजों में कुछ माह से अंगदान अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की पहल पर लोग स्वेच्छा से अंगदान के लिए शपथ पत्र भर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस अभियान से मरीजों को अंगों के लिए इंतजार नहीं करना पडे़गा, जरूरतमंद को तुरंत अंग मिल सकेगा।