कांग्रेस को उसके गढ़ में मात की तैयारी
गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा व कांग्रेस सामाजिक व जातिगत समीकरण साधने में जुटी है।
अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। मध्य गुजरात में आदिवासी वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा ऐडी चोटी का जोर लगा रही है। प्रदेश अध्यक्ष की आदिवासी यात्रा के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आदिवासी परिवार के यहां लंच कर चुके हैं, अब सीएम रुपाणी नर्मदा यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।
गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा व कांग्रेस सामाजिक व जातिगत समीकरण साधने में जुटी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नर्मदा जिले के देडियापाडा से चुनावी शंखनाद किया था अब मुख्यमंत्री विजय रुपाणी वहीं से आदिवासी यात्रा की तैयारी कर रहे हैं। नर्मदा सेवा यात्रा व गंगा शुद्धिकरण की तर्ज पर रुपाणी इस यात्रा की रुपरेखा तैयार कर रहे हैं। मध्य गुजरात की करीब 40 सीट में से दो दर्जन सीट आदिवासी बहुल हैं जिनमें से 16 पर कांग्रेस का कब्जा है।
आदिवासी कांग्रेस का परंपरागत वोट बैंक रहा है, अब भाजपा अपने नए सामाजिक समीकरण को साधने के लिए आदिवासी वोट बैंक को अपने पक्ष में करने में जुट गई है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गत दिनों पंचमहाल के देवलिया गांव में भाजपा की विसतारक योजना का आरंभ कि तथा बाद में एक आदिवासी परिवार के यहां गुजरात प्रभारी डॉ भूपेंद्र यादव तथा अध्यक्ष जीतू वाघाणी, महासचिव भरतसिंह परमार के साथ भोजन किया था। वाघाणी इस इलाके में आदिवासी यात्रा निकाल चुके हैं तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी गुजरात स्थापना दिवस पर नर्मदा जिले के देडयिापाडा में महारैली को संबोधित किया था अब मुख्यमंत्री रुपाणी नर्मदा यात्रा निकालकर आदिवासी वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के प्रयास में हैं। रुपाणी मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान की नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान अमरकंटक में शामिल हुए थे, उसी तर्ज पर अब वे गुजरात में यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।
इन सीटों पर है भाजपा की नजर
बोरसद, अंकलाव, पेटलाद, सोजित्रा, कपडवंज, बालासिनोर, लूनावाडा, गोधरा, दाहोद, छोटो उदेपुर, संखेडा, झालोद, गरबाडा, संतरामपुरा, महुआ आदि।
यह भी पढ़ें: सीएम पद की दावेदारी को लेकर कांग्रेस से नाराज हुए वाघेला