Yuvraj Singh Jadega Arrested: गुजरात में पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने के आरोप में छात्र नेता युवराज सिंह जाडेगा गिरफ्तार
Gujarat गुजरात में छात्र नेता युवराज सिंह जाडेजा को पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। युवराज पर विद्या सहायकों को भड़काने का भी आरोप है। आम आदमी पार्टी ने युवराज की गिरफ्तारी की निंदा की है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात में सरकारी भर्ती में धांधली को उजागर करने वाले छात्र नेता युवराज सिंह जाडेजा को पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। युवराज पर विद्या सहायकों को भड़काने का भी आरोप है। गांधीनगर रेंज आईजी अभय चूडास्मा ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें युवराज एक पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करता है तथा पुलिस कर्मी कार के ऊपर चढ़कर खुद को बचाता नजर आता है। लोकरक्षक भर्ती मामले में गांधीनगर में विद्या सहायकों व प्रतियोगी परीक्षार्थियों का आंदोलन चल रहा था। मंगलवार को युवराज इसके समर्थन में धरना स्थल पर पहुंचे थे, जहां पुलिसकर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई।
आम आदमी पार्टी ने युवराज की गिरफ्तारी की निंदा की
रेंज आईजी ने बुधवार को बताया कि युवराज ने पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया तथा आंदोलनकारियों को सरकार के खिलाफ भड़का रहा था। इसके सुबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस ने युवराज की रिमांड नहीं मांगी, जिसके चलते स्थानीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उधर, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता प्रवीण राम ने युवराज की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा कि सरकार किसी भी तरह युवराज को सबक सिखाना चाहती है। पुलिस उसके खिलाफ झूठा केस बना रही है। गौरतलब है कि युवराज सिंह सचिवालय कर्मचारी भर्ती आंदोलन से चर्चा में आए। उसके बाद भर्ती व परीक्षा में धांधली के करीब आधा दर्जन मामले उन्होंने उजागर कर सरकार के समक्ष रखे। इसके चलते सरकार को परीक्षा रद करनी पड़ी और भर्ती पर रोक लगानी पड़ी।
गौरतलब है कि गत दिनों सीसीटीवी कैमरे पर 13 वर्षीय किशोर की पिटाई करते पाए जाने पर गुजरात पुलिस के एक कर्मी को निलंबित कर दिया गया। गुजरात के वडोदरा शहर में बाजार में पुलिसकर्मी ने किशोर को कई थप्पड़ मारे थे। यह घटना नंदेसारी बाजार में हुई थी। पुलिसकर्मी की पहचान शक्ति सिंह के रूप में हुई। नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि शक्ति चहानी थाने से संबंद्ध था। अधिकारी ने कहा कि शक्ति अपनी सरकारी गाड़ी से शहर के दूसरे थाने में गया था। लौटते समय उसने गौर किया कि सड़क पार करते समय लड़का उस पर कुछ बड़बड़ा रहा है। वह गाड़ी से उतर गया और लड़के को कई थप्पड़ मारे और उसकी बांह भी मरोड़ दी। यह सबकुछ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। शिकायत और जांच के बाद जोन वन के पुलिस उपायुक्त ने शक्ति को दुर्व्यवहार के लिए निलंबित कर दिया।