IIT गांधीनगर की बिल्डिंग से गिरकर छात्रा घायल, पुलिस शिकायत के इंतजार में नहीं कर रही जांच
आईआईटी गांधीनगर कैंपस में एक छात्रा बिल्डिंग से गिरकर घायल हो गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। ...और पढ़ें

कॉलेज की तस्वीर (फाइल)।
HighLights
आईआईटी गांधीनगर कैंपस में छात्रा बिल्डिंग से गिरकर घायल हुई।
पुलिस संस्थान से आधिकारिक शिकायत मिलने का इंतजार कर रही है।
घायल छात्रा का अस्पताल में इलाज जारी है, परिवार को मदद।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गांधीनगर (IIT-Gn) के कैंपस में एक छात्रा बिल्डिंग के ऊपर से गिर कर घायल हो गई है। घटना कैसे और क्यों हुई इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिली है। पुलिस शिकायत मिलने के इंतजार में जांच शुरू नहीं कर रही है।
घटना एक हफ्ते पहले की है लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि अब की है। पुलिस ने बताया कि हमें जानकारी संस्थान से नहीं बाहर के स्रोतों से मिल रही है। इसमें घायल छात्रा की उम्र 25 साल बताई जा रही है।
अस्पताल में जारी है इलाज
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गांधीनगर के पलाज कैंपस में हुए हादसे के बाद छात्रा बुरी तरह से घायल है। घायल छात्रा का इलाज अस्पताल में जारी है। इस बारे में पुलिस ने अभी तक ये नहीं बताया कि ये आत्महत्या की कोशिश है या फिर गलती से इमारत से गिरी है। संस्थान ने भी अभी तक इस बारे में कोई लिखित शिकायत या आवेदन पुलिस को नहीं दिया है। इसलिए पुलिस कोई कदम नहीं उठा रही है। चिलोडा पुलिस इंस्पेक्टर एस. जे. चौहान ने इस घटना की पुष्टि की है।
परिवार को मिल रही मदद
संस्थान के संबंधित अधिकारी ने एक समाचार पत्र से बातचीत में कहा कि यह घटना एकेडमिक एरिया में हुई। हॉस्टल वाली बात गलत है। वहीं उन्होंने बताया कि घायल छात्रा के माता-पिता कैंपस आ गए हैं उन्हें हर तरह की सहायता दी जा रही है। छात्रा अभी अस्पताल में भर्ती है और उसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार को परेशानी से बचाने की कोशिश में लड़की की पहचान गुप्त रख रहे हैं। ऐसा हम दूसरों भी उम्मीद करते हैं। गांधीनगर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रा का बयान अभी दर्ज नहीं हुआ है।
कॉलेज में हो रही चर्चा
इधर कॉलेज में हादसा या आत्महत्या के बीच चर्चा जारी है कि आखिर ऐसा कैसे हुआ। वहीं कुछ छात्रों ने बताया कि उनके ग्रुप्स में रक्तदान के लिए आगे आने का मैसेज आया है। इससे पहले जुलाई 2020 में, इसी कॉलेज में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। 33 वर्षीय की छात्रा पीएचडी की पढ़ाई कर रही थी। खबरों के अनुसार, उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी और कमरे की दीवार पर "आई क्विट" लिखा था।
