Honey Trap: गुजरात के आईएएस पर दिल्ली की महिला से दूसरी शादी का आरोप, कहा- हनी ट्रैप में फंसाया
Honey trap. गुजरात के आईएएस गौरव दहिया पर दिल्ली की महिला से दूसरी शादी का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अहमदाबाद, शत्रुघ्न शर्मा। गुजरात कैडर के आईएएस गौरव दहिया का दिल्ली की एक महिला से सोशल मीडिया पर प्रेम संबंध के बाद अपना फर्जी तलाकनामा दिखाकर विवाह करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला ने दहिया के खिलाफ शिकायत की है, जिसकी जांच करने गुजरात पुलिस दिल्ली आएगी।
जानें, क्या है मामला
गांधीनगर पुलिस को गत 17 जुलाई को महिला की शिकायत मिली जिसे दिल्ली पुलिस की सहायक पुलिस आयुक्त महिला सेल ने यहां स्थानांतरित की है। पीड़िता ने बताया है कि वर्ष 2017 में आईएएस दहिया मैक्सिको में थी, तब सोशल मीडिया के जरिए वे संपर्क में आए। दहिया ने तब खुद को तलाकशुदा बताया और तीन फरवरी, 2018 को तलाक के दस्तावेज बताकर महिला से दिल्ली के एक होटल में शादी कर ली। बकौल पीड़िता दहिया के साथ विवाह के बाद उसने एक पुत्री को जन्म दिया, लेकिन दहिया को पुत्र की उम्मीद होने से वह नाराज हो गए। महिला का यह भी दावा है कि दहिया ने शादी के दिन ही उसके पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके आपत्तिजनक फोटो खींच लिए ओर सोशल मीडिया में डालने की धमकी देकर उसका शोषण करते रहे।
आईएएस दहिया ने कही ये बात
आईएएस दहिया ने महिला के साथ संबंधों को स्वीकार किया है। साथ ही, महिला पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए गांधीनगर के सेक्टर सात में एक शिकायत भी दर्ज कराई है। दहिया का आरोप है कि उसे हनी ट्रैप में फंसाया गया है, जो कुछ भी हुआ महिला की मर्जी से हुआ। दहिया ने दिल्ली के एक पॉश इलाके में महिला को एक घर दिला रखा है। इसके अलावा अहमदाबाद में भी उसके लिए एक महंगा घर खरीदा। दहिया के मुताबिक, महिला उनसे मोटी रकम वसूल करना चाहती हैं। इसलिए उन पर आरोप लगा रही है। सोशल मीडिया पर भी छवि खराब करने वाले मैसेज पोस्ट कर रही है। दहिया का कहना है कि महिला ने विवाह के जो फोटो पुलिस व सोशल मीडिया में सार्वजनिक किए हैं, वे मोर्फ किए गए हैं।
गौरतलब है कि बीते साल यह महिला अहमदाबाद आकर दो दिन तक एक होटल में ठहरी थी, दहिया व उसकी पत्नी उससे मिलने के लिए होटल भी गए, इस दौरान विवाद होने पर महिला ने पुलिस को बुला लिया था। दहिया ने गांधीनगर सेक्टर सात पुलिस को बताया कि महिला चाहती है कि वे अपनी पत्नी को तलाक दे दें, लेकिन पत्नी के गर्भवती होने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि वे ऐसा नहीं करेंगे। दहिया का दावा है कि उक्त महिला को उनके पारिवारिक जीवन की जानकारी होने के बावजूद भी उनके साथ संबंध बनाऐ। गांधीनगर पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए पीड़िता व अधिकारी के कॉल डिटेल्स निकलवा रही है। आगामी दिनों में गुजरात पुलिस जांच के लिए दिल्ली आएगी। आइएएस के प्रेम प्रकरण व महिला से संबंधों को लेकर गांधीनगर के सत्ता के गलियारों में उनकी ही चर्चा है।
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शिकायत को गंभीरता से लिया
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आईएएस दहिया के खिलाफ महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रधान सचिव सुनयना तोमर की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें तीन वरिष्ठ महिला आईएएस शामिल हैं। तोमर के अलावा आईएएस ममता वर्मा, आईएएस सोनल मिस्रा तथा गैर सरकारी सदस्य के रूप में पूर्व संयुक्त सचिव देवी बेन पंड्या व संयुक्त सचिव या अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी को शामिल किया है। आरोपित दहिया नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक थे, जहां से उनहें 22 जुलाई को ही सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है।