विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gujarat: विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात के बोर्ड व निगम में नियुक्त भाजपा नेताओं से मांगा इस्तीफा

By Sachin Kumar MishraEdited By:
Published: Sat, 22 Jan 2022 10:29 PM (IST)

Gujarat आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा कुछ प्रभावशाली नेताओं व सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को बोर्ड-निगम की कमान ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात के बोर्ड व निगम में नियुक्त भाजपा नेताओं से मांगा गया इस्तीफा। फाइल फोटो
विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात के बोर्ड व निगम में नियुक्त भाजपा नेताओं से मांगा गया इस्तीफा। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात सरकार की ओर से बोर्ड-निगम में नियुक्त पार्टी नेताओं से विधानसभा चुनाव से पहले इस्तीफा देने को कहा गया है। करीब तीन दर्जन बोर्ड-निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष आदि ने अपने इस्तीफे सौंप दिए हैं, लेकिन विधायक मधु श्रीवास्तव ने गुजरात एग्रो इंडस्ट्रीज से इस्तीफा देने से इन्कार कर दिया है।आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा कुछ प्रभावशाली नेताओं व सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों को बोर्ड-निगम की कमान सौंपकर अपना वोट बैंक मजबूत करना चाहती है ताकि पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग में किसी तरह से सेंध नहीं लगाई जा सके। गौरतलब है कि गुजरात में अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष आदि पदों पर कांग्रेस ने ओबीसी व आदिवासी नेताओं की नियुक्ति कर अपने परंपरागत वोट बैंक को साधने का प्रयास किया है। आगामी चुनाव में भाजपा पाटीदार मतों पर निर्भरता कम करने के लिए ओबीसी में बड़ी सेंध लगाने की तैयारी में है। आदिवासी वोट बैंक में भाजपा पहले ही सेंध लगा चुकी है। हाल ही में आम आदमी पार्टी में खींचतान के बाद भाजपा ने उसके कुछ नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया ताकि पार्टी के वोट बैंक को बिखरने से रोका जा सके।

गौरतलब है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में आनलाइन प्रचार में जुटी भाजपा 25 जनवरी को गुजरात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक वर्चुअल रैली की तैयारी में जुटी है। नमो एप व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इसमें पांच से सात लाख सदस्य शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने गुरुवार को राज्य के 579 स्थानों पर जुटे पार्टी के 40 हजार मंडल कार्यकर्ताओं से आनलाइन चर्चा की।पाटिल ने कार्यकर्ताओं को 25 जनवरी को होने वाली प्रधानमंत्री मोदी की वर्चुअल रैली की जानकारी दी और सदस्यों को नमो एप व अन्य इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इस रैली में शामिल होने का आह्वान किया। पाटिल के साथ गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रदेश भाजपा महामंत्री प्रदीपसिंह वाघेला भी मौजूद थे। पांच राज्यों में चुनाव प्रचार के बीच गुजरात भाजपा पांच से 10 लाख सदस्यों की वर्चुअल रैली कर रिकार्ड बनाना चाहती है। अपने घर व कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी से नमो एप के माध्यम से संवाद कर सकेंगे।