सौराष्ट्र के दिग्गज नेता बावलिया कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल, मंत्री बने
गुजरात के सौराष्ट्र में कांग्रेस में खींचतान के चलते सौराष्ट्र के दिग्गज नेता कुंवरजी बावलिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
शत्रुघ्न शर्मा, अहमदाबाद। सौराष्ट्र के दिग्गज कांग्रेसी नेता कुंवरजी बावलिया ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया है। कोली पटेल समुदाय से आने वाले ओबीसी नेता ने कांग्रेस आलाकमान पर जातिवाद फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा ने उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाने की घोषणा की तो कांग्रेस ने उनके विश्वस्त पूर्व विधायक भोला गोहिल का निलंबन रद कर उन्हें उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर दिया। गोहिल ने राज्यसभा चुनाव में अहमद पटेल के खिलाफ वोट दिया था। गुजरात कांग्रेस के लिए नेता विपक्ष का पद एक बार फिर पार्टी में टूट का कारण बना।
पार्टी में खींचतान के चलते सौराष्ट्र के दिग्गज नेता कुंवरजी बावलिया ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी से मुलाकात के बाद बावलिया ने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा सौंप दिया उसके बाद भाजपा ने तुरंत उनको कैबिनेट मंत्री बनाने घोषणा कर दी। चंद घंटे बाद मुख्यमंत्री रूपाणी व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल की मौजूदगी में राज्यपाल ओमप्रकाश कोहली ने ओबीसी नेता को मंत्रिपद की शपथ दिला दी। बीते एक सप्ताह से भाजपा व बावलिया के बीच चर्चा चल रही थी।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक भोलाभाई गोहिल इसमें मध्यस्थ की भूमिका में थे लेकिन मंगलवार को जब बावलिया ने कांग्रेस को राम-राम कहा तो कांग्रेस ने गोहिल का निलंबन रद कर उन्हें आगामी उपचुनाव के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित कर दिया। भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी, शिक्षा मंत्री भूपेंद्र चूडास्मा आदि वरिष्ठ नेताओं ने बावलिया की पार्टी में अगवानी की।कांग्रेस छोड़ने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम पहुंचकर बावलिया ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुजरात में जातिवाद फैला रहे हैं। गौरतलब है कि गत सप्ताह दिल्ली में वह कांग्रेस अध्यक्ष से मिले थे। गुजरात विधानसभा में नेता विपक्ष का पद नहीं मिलने से वह नाराज थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावडा ने बावलिया पर मंत्री पद की लालच में पार्टी छोड़ने का आरोप लगाया।