गुजरात में आज पीएम मोदी की तीन बड़ी रैलियां, अमित शाह का है रोड शो; राहुल गांधी भी उतरे चुनावी मैदान में
Gujarat Election 2022 गुजरात में पीएम मोदी की आज तीन बड़ी रैलिया हैं। पहली रैली सुरेंद्रनगर में दोपहर 12 बजे है। इसके बाद पीएम मोदी की दूसरी रैली जंबूसर में दोपहर 2 बजे है। तीसरी रैली शाम चार बजे नवसारी में है।
नई दिल्ली/अहमदाबाद, ऑनलाइन डेस्क। गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर रैलियां तेज हो गई हैं। भाजपा समेत सभी प्रमुख दलों के नेता चुनावी प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। गुजरात में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी रैलियां करेंगे। 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू होने के बाद से राहुल गांधी की यह पहली चुनावी रैली होगी। इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का गुजरात में चुनावी जनसभाएं और रोड शो करने वाले हैं।
पीएम मोदी की इन जगहों पर हैं रैलियां
गुजरात में पीएम मोदी की आज तीन बड़ी रैलिया हैं। पहली रैली सुरेंद्रनगर में दोपहर 12 बजे है। इसके बाद पीएम मोदी की दूसरी रैली जंबूसर में दोपहर 2 बजे है। तीसरी रैली शाम चार बजे नवसारी में है।
सुबह 11 बजे से अमित शाह की शुरू हो जाएगी पहली जनसभा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात में आज चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पहली जनसभा सुबह 11 बजे से द्वारका के खम्भालिया में है। दूसरी जनसभा कोडिनार विधानसभा के गिर सोमनाथ में दोपहर 1 बजे से है। अमित शाह की तीसरी जनसभा मांगरौल विधानसभा में तीन बजे से है। दिन की अंतिम व चौथी जनसभा गुजरात के भुज विधानसभा में शाम छह बजे से है।
यह भी पढ़ें: Monsoon Session: मानसून सत्र में साफ होगा विपक्षी एकता का सही रंग रूप, चुनाव परिणाम भी बनेंगे कारक
राजकोट और महुधा में चुनावी जनसभा करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों 'भारत जोड़ो यात्रा' पर हैं। हिमाचल विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान से राहुल गांधी ने दूरी बनाई हुई थी। वहीं, अब गुजरात विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी सोमवार से अपनी चुनावी प्रचार का सफर शुरू कर रहे हैं। गुजरात में चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद से वह पहली बार गुजरात पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी सौराष्ट्र के राजकोट और सूरत के महुधा में आज चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें: अगर सरदार पटेल देश को एक कर सके तो इसका श्रेय वास्तव में शंकराचार्य को जाता है: आरिफ मोहम्मद खान
गुजरात के तीन जिलों में योगी आदित्यनाथ की जनसभाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुजरात में जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को योगी आदित्यनाथ तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ की ये जनसभाएं गुजरात के जनपद छोटा उदयपुर, खेड़ा और पोरबंदर में होनी हैं।
अमरेली में रोड शो करेंगे केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पाटीदारों के गढ़ माने जाने वाले अमरेली में रोड शो करेंगे। केजरीवाल के अलावा पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संजय सिंह भी गुजरात में गुजरात के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने वाले हैं।