नागरिकता की पुष्टि नहीं होने से पाक में फंसा है इस्माइल
जतिन के अनुसार, इस्माइल का परिवार वर्षों से उसकी तलाश कर रहा था। हाल ही में उन्हें पता चला कि इस्माइल पाकिस्तान की जेल में बंद है।
अहमदाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान की जेल में बंद गुजरात में कच्छ का रहने वाला एक नागरिक अब तक स्वदेश लौट नहीं सका है। कारण, गृह मंत्रालय ने अब तक उसकी नागरिकता की पुष्टि नहीं की है। सूचना क अधिकार (आरटीआइ) कानून के तहत मिली जानकारी से इसका पता चला है।
मुंबई स्थित एनजीओ 'पाकिस्तान-इंडिया पीपुल्स फोरम फार पीस एंड डेमोक्रेसी' के जतिन देसाई ने बताया कि कच्छ में भारत-पाकिस्तान सीमा से करीब 50 किलोमीटर दूर नाना दिनारा गांव का निवासी इस्माइल शम्मा (51) अगस्त 2008 में लापता हो गया था। वह जानवरों को पुश चराते-चराते पाकिस्तानी क्षेत्र में पहुंच गया। इस संबंध में जतिन ने अगस्त 2017 में विदेश मंत्रालय में एक आरटीआइ आवेदन किया। जवाब में उन्हें हाल ही में पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग से एक पत्र मिला।
जतिन देसाई ने बताया कि भारतीय सीमा पार करने केकारण इस्माइल को पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तानी अदालत ने अक्टूबर, 2011 में उसको जासूसी का दोषी करार देते हुए पांच साल जेल की सजा सुनाई। अक्टूबर 2016 में इस्माइल की सजा पूरी गई, लेकिन गृह मंत्रालय की ओर से अब तक नागरिकता की पुष्टि नहीं करने से वह स्वदेश नहीं लौट पा रहा है।
जतिन के अनुसार, इस्माइल का परिवार वर्षों से उसकी तलाश कर रहा था। हाल ही में उन्हें पता चला कि इस्माइल पाकिस्तान की जेल में बंद है। यह जानकारी रफीक सुलेमान नामक एक साथी ग्रामीण ने उन्हें दी थी। रफीक भी पाकिस्तानी जेल में सजा काट कर स्वदेश लौटा है। रफीक का कहना है कि उसने इस्माइल को कराची के जेल में देखा था।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की विभिन्न जेलों में सैकड़ों भारतीय नागरिक बंद हैं। विदेश मंत्रालय निरंतर ऐसे लोगों की रिहाई के लिए प्रयत्नशील रहता है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ऐसे मामलों का स्वत: संज्ञान लेती हैं।
यह भी पढ़ें: गुजरात में मेडिकल छात्र ने किया आत्महत्या का प्रयास