Gujarat: अहमदाबाद में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, वडोदरा में पुजारी हिरासत में
Gujarat अहमदाबाद में चार बच्चों की मां से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वहीं वडोदरा में एक युवती ने मंदिर के पुजारी पर दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात के अहमदाबाद में चार बच्चों की मां से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वहीं, वडोदरा में एक युवती ने मंदिर के पुजारी पर दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। अहमदाबाद के पूर्वी इलाके सरदार नगर में रहने वाली चार बच्चों की मां का एक रिक्शा चालक के साथ अवैध संबंध था। रविवार को मौका पाकर रिक्शा चालक अपने तीन मित्रों के साथ महिला के घर पहुंचा तथा महिला को ऑटो में बिठाकर सुनसान जगह पर ले गया। वहां जाकर चारों ने शराब पीकर महिला से दुष्कर्म किया। महिला ने सरदारनगर पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। पता चला है कि रिक्शा चालक और उसके दोस्तों ने महिला को सरदारनगर इलाके में एक कमरे में ले गए थे, वहीं पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।
पुजारी ने किया युवती से दुष्कर्म
वडोदरा के बगलामुखी माता मंदिर के पुजारी प्रशांत के खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। युवती का आरोप है कि पुजारी उससे पिछले पांच साल से दुष्कर्म कर रहा था। गोत्री पुलिस ने पुजारी को हिरासत में ले लिया। बीते पांच साल में प्रशांत ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस को प्रशांत की सहयोगी तीन साधिकाओं की भी तलाश है।
इससे पहले उत्तर गुजरात के दांतीवाडा पुलिस थाना इलाके में एक मूक बधिर किशोरी के साथ दुष्कर्म व गला काटकर हत्या के मामले में विविध संगठनों के प्रतिनिधियों ने गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा से मुलाकात कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। इस घटना के विरोध में डीसा पूरी तरह बंद रहा। गृह राज्यमंत्री जाडेजा ने बनासकांठा से आए विविध संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। लेकिन पुलिस ऐसी वीभत्स एवं घृणित घटना के चार दिन बाद भी पुलिस के कोई सुराग नहीं लगा है। किशोरी बनासकांठा जिले के ही डीसा कस्बे की रहने वाली है, घटना के विरोध में सोमवार को डीसा पूरी तरह बंद रहा।