Coronavirus: मेहसाणा पुलिस कांस्टेबल व टिकटॉक स्टार अर्पिता चौधरी भी कोरोना की चपेट में
Coronavirus. महिला कांस्टेबल अर्पिता चौधरी भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं। अर्पिता चौधरी टिकटॉक स्टार हैं।
अहमदाबाद, संवाद सूत्र। Coronavirus. गुजरात में कोरोना वायरस का कहर जारी है। कोरोना की चपेट में कई पुलिस कर्मचारी भी आ चुके हैं। इसी बीच, खबर है कि महिला कांस्टेबल अर्पिता चौधरी भी कोरोना की चपेट में आ गई हैं। अर्पिता चौधरी टिकटॉक स्टार हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने थाने में टिकटॉक वीडियो बनाया था। यह टिकटॉक वीडियो वायरल होने के बाद काफी विवाद हो गया था। इसके बाद उच्च अधिकारियों ने सस्पेंड कर दिया था। हालांकि कोरोना के कारण उनका सस्पेंशन रद कर दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, कड़ी पुलिस थाने में कार्यरत महिला पुलिस कांस्टेबल अर्पिता बाबूभाई चौधरी की शनिवार शाम को कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस बारे में सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लग रही थीं। उनका एक वीडियो अभी वायरल हुआ था, जिसमें अर्पिता कह रही थी कि उन्हें कोरोना नहीं हुआ है, वह ठीक है। परंतु कोरोना पॉजिटिव की सूची में कांस्टेबल अर्पिता नाम और उनके घर का पता भी लिखा हुआ था। अब अर्पिता चौधरी ने खुद सामने आकर खुलासा किया है कि उनकी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, और वे वडनगर की सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबियत पूरी तरह से ठीक है। उन्हें कोरोना वायरस के कोई भी लक्षण नहीं है, लेकिन रिपोर्ट पॉजिटिव आने से वह अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि उनका पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, यह 17 मार्च का वीडियो है। उनके विदेश से आने के बाद अफवाह फैली थी कि उन्हें कोरोना हुआ है, जिसके बाद उन्होंने यह वीडियो बनाया था। जो अब वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि गुजरात में कोरोना वायरस के 5000 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। केवल अहमदाबाद में ही 3500 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अहमदाबाद से सटे मेहसाणा जिले में बीते दिन एक साथ कुल 21 मामले सामने आए थे, यहां कुल 32 केस हो गए हैं।