Move to Jagran APP

Gujarat: गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लाॅबिंग तेज, ये हैं दावेदार

Gujarat पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी को अध्यक्ष पद का तगड़ा दावेदार माना जा रहा है इस रेस में पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल पूर्व केंद्रीय मंत्री तुषार चौधरी पूर्व केंद्रीय मंत्री नारण भाई राठवा आदि भी शामिल हैं।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Wed, 14 Jul 2021 10:39 PM (IST)Updated: Wed, 14 Jul 2021 10:39 PM (IST)
Gujarat: गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लाॅबिंग तेज, ये हैं दावेदार
गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लाॅबिंग तेज, ये हैं दावेदार। फाइल फोटो

अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की लाॅबिंग के लिए प्रदेश कांग्रेस के एक दर्जन से अधिक नेता दिल्ली पहुंचे। वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने उनसे मुलाकात की व अगले सप्ताह तक प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति का भरोसा दिया। उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष व नेता विपक्ष चुना जाएगा। प्रदेश में स्थानीय निकाय व पंचायत चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा तथा नेता विपक्ष परेश धनाणी ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसी दौरान प्रदेश प्रभारी राजीव सातव का भी कोरोना के चलते निधन हो गया। प्रदेश कांग्रेस कई माह से नेतृत्व के संकट से जूझ रही है। नए अध्यक्ष की उम्मीद में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता पशोपेश की स्थिति में है।

gujarat banner

वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी को अध्यक्ष पद का तगड़ा दावेदार माना जा रहा है, लेकिन इस रेस में पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर, पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया, पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री तुषार चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री नारण भाई राठवा आदि भी शामिल हैं। हालांकि सांसद शक्ति सिंह गोहिल को भी इस पद का दावेदार माना जा रहा है, लेकिन बताया जा रहा है कि वे खुद इस पर सहमत नहीं है। प्रदेश प्रभारी के रूप में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अविनाश पांडे का नाम सबसे मुखर है। पार्टी प्रभारी अध्यक्ष व नेता विपक्ष का चुनाव पिछले माह हो जाता, लेकिन राजस्थान में चल रहे सियासी संकट के चलते यह लंबा खिंचता जा रहा है।

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम भी गुजरात के प्रभारी के लिए उछला था,  लेकिन गहलोत गुट के अड़ जाने से उनका नाम फाइनल नहीं हो सका। प्रदेश कांग्रेस में लगातार गुटबाजी बढ़ रही है केंद्रीय आलाकमान प्रदेश संगठन के विभिन्न पदों पर नियुक्ति को लेकर असमंजस की स्थिति में। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार सुबह गुजरात के नेताओं से मिलकर एक सप्ताह में प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति का भरोसा दिया है। प्रदेश अध्यक्ष व नेता विपक्ष का चुनाव उसके बाद ही होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.