VIDEO: किसान के घर में घुसी शेरनी, मूंगफली की ढेर पर बैठी रही
गुजरात में एक किसान के घर में रात के समय शेरनी घुस गयी और मूंगफली की फसल पर बैठ गयी।
गांधीनगर, एजेंसी। लगातार कट रहे जंगलों के कारण अब जंगली जानवरों के शहरी इलाकों में आने की घटनायें आम हो रही है। अभी कुछ दिन पहले ही गुजरात सचिवालय में तेंदुआ घुस गया था तो अब गुजरात में एक शेरनी किसान के घर में आ धमकी और वहां रखी मूंगफली की फसल पर बैठ गयी।
ये घटना अमरेली के खांभा कि है रात का समय था लेकिन घर के सभी लोग जगे हुए थे। शेरनी को घर के एक कमरे में जाते देख ग्रामीणों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही वन विभाग शेरनी को निकालने में जुट गया। शेरनी जिस कमरे में बैठी हुइ थी वहां मूंगफली की फसल रखी हुई थी, हालांकि शेरनी ने किसी प्रकार का कोई नुकसान नही पहुंचाया। घंटे भर की कोशिश के बाद वन विभाग की टीम शेरनी को निकालने में कामयाब रही, हालांकि लोग काफी दहशत में थे।
तुलसीश्याम रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी आरआर पटेल ने बताया कि ये गांव गिर के जंगलों से लगा हुआ है। रविवार रात 10 बजे किसान जिलूभाई वाला के घर में शेरनी घुस गयी। घर में घुसने से पहले उसने किसान के भैंस के बच्चे को मार डाला। फोन पर सूचना के बाद जब हम वहां पहुंचे तो शेरनी मूंगफली के ढेर पर बैठी थी।
लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हम शेरनी को घर से बाहर निकालने में कामयाब रहे। इसके बाद वह जंगलों में चली गयी। बता दें कि जंगल से लगे गांवों में घर के अंदर शेर का आना जाना बहुत आश्चर्यजनक नहीं है। शिकार की तलाश में अक्सर यह आबादी के बीच चले आते हैं। ज्ञात हो, पहले भी गुजरात में शेर और तेंदुओं के घरों में घुस आने की घटनाएं हुई हैं।
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही गुजरात सचिवालय में सुबह के समय तेंदुआ घुस गया था , तेंदुए को सचिवालय में घुसते देख परिसर को चारों तरफ से घेर लिया गया था। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग के करीब 200 कर्मचारियों को लगाया गया था।
उससे पहले शिमला के हाटेश्वरी मंदिर इलाके में तेंदुआ घुस गया था और उसने कई कुत्तों पर हमला कर दिया था।
इसी वर्ष जनवरी में लखनऊ के एक स्कूल में तेंदुआ घुस गया था। उस समय स्कूल के हॉस्टल में करीब 60 बच्चे मौजूद थे। इस खबर से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था। आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को वन विभाग ने पकड़ लिया था।