Coronavirus: गुजरात के गुरु गोविंद सिंह हॉस्पिटल में कवच इक्विपमेंट तैयार
Coronavirus कवच कोविड बीमारी में चिकित्सा कर रहे डॉक्टरों के लिए तैयार किया गया है। इसमें सुरक्षा के सभी स्तर का ध्यान रखा गया है।
अहमदाबाद, संवाद सूत्र। Coronavirus: गुजरात के जामनगर शहर में गुरु गोविंद सिंह हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) किट के अभाव के मद्देनजर कवच नामक इक्विपमेंट तैयार किया है। वर्तमान हालात में कोरोना वायरस के कारण इसकी विशेष जरूरत है।
कोरोना वायरस के कारण पीपीई किट की राज्य के अस्पतालों में विशेष जरूरत है। यहां जीजी अस्पताल में 700 शायिकाएं हैं। इसे कोविड की चिकित्सा के लिए कार्यरत कर दिया गया है। वर्तमान हालात को देखते हुए अस्पताल के लिए तकरीबन 2000 पीपीई किट की जरूरत है। फिलहाल, अस्पताल में आवश्यक मात्रा में यह किट उपलब्ध है। परन्तु भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए यहां इस अस्पताल के डॉक्टरों ने पीपीई किट की डिजाइन तैयार कर इसका निर्माण किया है।
इस किट को कवच नाम दिया गया है। इस कवच सेट में मुख्य रूप से तीन वस्तुए हैं। इसमें पूरी शरीर हुड के साथ सूट, घुटने तक लंबा शू कवर और चेहरे के लिए फेस शील्ड बनाया गया है। यह संपूर्ण सेट नोनवोवन स्पन बाउंड 70+20 जीएसएम मटेरियल द्वारा लेमिनेट किया गया है। इस मटेरियल को साउथ इंडियन टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन द्वारा प्रमाणित किया गया है।
दो प्रकार से निर्मित इस कवच में प्रथम को कवच प्लस और दूसरे को कवच एन एक्स नाम दिया गया है। कवच प्लस में पूरे शरीर के लिए हुड के साथ सूट, घुटने तक शू कवर फेस शील्ड और त्रिपल लेयर मास्क है। इसकी कीमत तकरीबन 550 रुपये है।
वहीं, कवच एन एक्स में पूरे शरीर के लिए हुड के साथ सूट, घुटने तक शू-कवर, फेस शील्ड और एन-95 मास्क और दो जोड़ी स्टरिलाइज हुए ग्लोवज शामिल है। इसकी कीमत 850 रुपये है।
कवच कोविड बीमारी में चिकित्सा कर रहे डॉक्टरों के लिए तैयार किया गया है। इसमें सुरक्षा के सभी स्तर का ध्यान रखा गया है। पहनने और उतारने में सरल यह संपर्ण शरीर के साथ आंख को भी ढकता है। इसमें उपयोगी मटेरियल कृतिम रक्त प्रवेश की जांच की गई है।
जीजी हॉस्पिटल के इस उत्कृष्ट कार्य में अनेक संस्थाओं ने सहयोग दिया है। यह किट नो प्रॉफिट नो लॉस के स्तर पर निर्मित किय़ा जा रहा है। कुछ ही दिनों में यह किट तैयार होकर आ जायेगी। हॉस्पिटल के एंबुलेंस स्टाफ और पुलिस स्टाफ को यह पीपीई किट उपलब्ध करवायी जाएगी।