जानिये गुजरात में इस वर्ष कितनी हुई बारिश, राज्य के जलदाय विभाग ने जारी किए आंकड़े
गुजरात में अभी तक औसतन से अधिक 86.45 प्रतिशत बारिश हो चुकी है यहां के 34 जलाशयों में 70 से 100 प्रतिशत जल एकत्र हुआ है।
अहमदाबाद, जेएनएन। राज्य में इस वर्ष अभी तक औसतन से अधिक 86.45 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। प्रदेश में शुक्रवार तक कुल 27 इंच बारिश हो चुकी है। इस बारिश से प्रदेश के कुल 204 जलाशयों में से 40 छलक गये हैं, जबकि 34 जलाशयों में 70 से 100 प्रतिशत जल एकत्र हुआ है।
राज्य के जलदाय विभाग ने यह आंकड़ा जारी किया है। इसके अनुसार पाँच हजार क्यूसेक तथा इससे अधिक पानी की आय वाले जलाशयों में सरदार सरोवर में 1,02,410, कडाणा में 1,60,294, वणांकबोरी में 1,00198, धरोई में 12500, दमणगंगा में 9954, करजण में 5920 क्यूसेक पानी का संग्रह हुआ है। राज्य के 32 जलाशयों में 25 से 50 प्रतिशत के बीच, 28 जलाशयों में 50 से 70 प्रतिशत जल एकत्र हुआ हैं। वहीं राज्य की जीवन डोर समान सरदार सरोवर जलाशय में 79.01 प्रतिशत जल संग्रह हुआ है।
उत्तर गुजरात के 15 जलाशयों में 21.22 प्रतिशत, मध्य गुजरात के 17 जलाशयों में 88.51 प्रतिशत, दक्षिण गुजरात के 13 जलाशयों में 77.37 प्रतिशत, कच्छ के 20 जलाशयों में 57.70 प्रतिशत और सौराष्ट्र के 139 जलाशयों में 51.01 प्रतिशत जल संग्रह हुआ हैं। राज्य में 16 अगस्त तक 27.77 इंच बरसात हुई हैं।
मंडल के अनुसार कच्छ, दक्षिण गुजरात में औसतन शत प्रतिशत से भी अधिक बरसात हुई है। वहीं गत वर्ष कच्छ में बरसात ऋतु के दौरान 4.37 इंच के साथ मौसम का औसतन 26.51 प्रतिशत बरसात हुई थी। इस ऋतु के दौरान अभी तक 16.10 इंच के साथ औसतन 102.04 प्रतिशत बरसात हुई है। इस बार राज्य में 16 अगस्त तक 14.74 इंच बरसात हुई है।